फीमेल फैन ने अभिषेक का हाथ खींचा: वीडियो सामने आने पर कॉन्ट्रोवर्सी; फैन की सफाई- मैं नर्वस हो गई थी, गलती से हाथ पकड़ लिया
Published:
2 min read

सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के मैच से पहले जब अभिषेक शर्मा स्टेडियम में पहुंचे, तभी एक फैन उनके पास आई और हाथ पकड़ लिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. अभिषेक शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो में एक महिला फैन मैच से पहले उनका हाथ पकड़कर आगे खींचती नजर आई। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जताई। यूजर्स का कहना है कि फैंस को भी एक मर्यादा में रहना चाहिए। किसी के प्राइवेट स्पेस में घुसना सही नहीं है। अब इस मामले में उस फैन ने खुद सामने आकर पूरी बात साफ की है।
फैन ने कहा- इरादा गलत नहीं था
यह वाकया जयपुर में IPL के दौरान हैदराबाद और राजस्थान के मैच से पहले की है। जब अभिषेक शर्मा स्टेडियम पहुंचे, तभी एक महिला फैन उनके पास आई और उत्साह में उनका हाथ पकड़ लिया। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने इस हरकत को गलत बताया और सोशल मीडिया पर उस फैन को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ यूजर्स ने इसे छेड़छाड़ तक करार दिया। हालांकि, बाद में फैन ने सफाई देते हुए कहा कि उसका ऐसा कोई गलत इरादा नहीं था और उसने उत्साह में ऐसा कर दिया। उसने इस घटना के लिए माफी भी मांगी है।
अभिषेक का कोई रिएक्शन नहीं
फैन ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि वो अभिषेक की बड़ी फैन है और उन्हें देखकर नर्वस हो गई थी। उसका कहना था कि वह सिर्फ हाथ मिलाना चाहती थी, लेकिन भीड़ की वजह से गलती से उनका हाथ पकड़ लिया। सब कुछ बहुत जल्दी में हुआ और उसका कोई गलत इरादा नहीं था। फैन ने बताया कि उसने यह वीडियो सिर्फ याद के तौर पर शेयर किया था, लेकिन उसे अंदाजा नहीं था कि यह इतना वायरल हो जाएगा और गलत समझा जाएगा।
फैन ने आगे लिखा कि लोग गलत बातें फैला रहे हैं। ऐसा कोई इरादा नहीं था। अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हों, तो वो माफी मांगती है। अभिषेक ने फिलहाल इस मामले पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है।

