अभिषेक के 3 डक की ड्रेसिंग रूम में चर्चा नहीं: साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच खेलेंगे, भारतीय बॉलिंग कोच मॉर्केल का हिंट
Published:
2 min read

अभिषेक शर्मा का यह पहला टी20 वर्ल्ड कप है और उन्होंने अब तक खाता नहीं खोला। (@BCCI)
स्पोर्ट्स डेस्क. टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब सुपर-8 राउंड में एंट्री कर चुका है। भारतीय टीम का पहला मैच साउथ अफ्रीका के खिलाफ होगा। यह मैच 22 फरवरी को होना है। इससे पहले टीम इंडिया के लिए ओपनर अभिषेक शर्मा की खराब फॉर्म टेंशन बनी हुई है।

अभिषेक शर्मा का यह पहला टी20 वर्ल्ड कप है और उन्होंने अब तक खाता नहीं खोला। इस भारतीय ओपनर ने 3 मैच खेले और तीनों में डक पर आउट हुए। इसके बावजूद अच्छी बात ये है कि टीम इंडिया, मैनेजमेंट, कप्तान और कोच हर कोई इस यंग सेन्सेशन के साथ खड़ा नजर आ रहा है।

ड्रेसिंग रूम में कोई चर्चा नहीं हो रही
टीम इंडिया के बॉलिंग कोच मॉर्ने मोर्केल ने कहा- अभिषेक के लगातार 3 बार डक पर आउट होने की कोई भी चर्चा ड्रेसिंग रूम में नहीं हो रही है। वे एक वर्ल्ड‑क्लास खिलाड़ी हैं। जल्द ही रन बनाएंगे। अभिषेक नेट्स में शानदार प्रैक्टिस कर रहे और फॉर्म में भी दिख रहे हैं।
हाल ही में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी कहा था- बस एक इनिंग की बात है। हम जानते हैं कि वो क्या कर सकता है। उसका साथ दीजिए।

इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और रिंकू सिंह।


