आकिब नबी डार की कहानी: IPL में 30 लाख से 8.4 करोड़ का सफर; इस रणजी सीजन में 60 विकेट
Published:
3 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. जम्मू-कश्मीर के बारामुला से आने वाले पेसर आकिब नबी डार की कहानी किसी फिल्म जैसी है। लोउर मिडिल क्लास फैमिली से निकलकर घरेलू क्रिकेट में मेहनत से पहचान बनाना और फिर IPl में करोड़ों की बोली लगना। ये सब उनकी लगन और मेहनत का नतीजा है।
IPL 2026 की नीलामी में जब आकिब का नाम आया तो शायद ही किसी ने सोचा होगा कि 30 लाख की बेस प्राइस वाला यह खिलाड़ी 8.4 करोड़ रुपए में बिकेगा। लेकिन ऐसा ही हुआ और आकिब रातों-रात ‘टॉक ऑफ द टाउन’ बन गए।
नबी मीडियम पेसर हैं। बहुत कम पेसर ऐसे होते हैं जो बॉल को दोनों तरफ स्विंग कराने का आर्ट रखते हैं। बहरहाल, नबी इस फन में माहिर हैं। यही उनकी सबसे बड़ी ताकत भी है। वे न सिर्फ नई गेंद से विकेट लेते हैं, बल्कि पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग भी कराते हैं। रफ्तार के मामले में भी वो किसी से पीछे नहीं। बड़े आराम से 140 की रफ्तार पर बॉलिंग करते हैं।
41 फर्स्ट क्लास मैच : 156 विकेट
नबी ने 41 फर्स्ट क्लास मैच में 156 विकेट लिए हैं। 2025-26 सीजन में रणजी ट्रॉफी में उन्होंने 60 विकेट लिए। ये एक पेसर के लिए बहुत बेहतरीन फिगर है।
दलीप ट्रॉफी में उन जैसा कोई नहीं
दलीप ट्रॉफी 2025 में आकिब ने एक ओवर में लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लेकर इतिहास रच दिया। इस टूर्नामेंट में ऐसा करने वाले वो पहले बॉलर हैं। इस प्रदर्शन ने उन्हें नई पहचान दी। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ट्रॉफी 2025 में उन्होंने 7 मैच में 15 विकेट लिए।
इस सीजन में 60 विकेट
आकिब ने रणजी सेमीफाइनल में 9 विकेट लिए। 54 गेंद पर 42 रन भी बनाए। क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश के खिलाफ उन्होंने 12 विकेट लिए थे। इस रणजी सीजन में कुल 60 विकेट खाते में दर्ज किए।
गेंदबाजी की खासियत
आकिब की रफ्तार 135 से 140 किमी प्रति घंटा के बीच रहती है। रफ्तार में वो भले ही कुछ कम नजर आएं, लेकिन उनका प्लस पॉइंट स्विंग और सीम मूवमेंट है। दिल्ली के खिलाफ उन्होंने पहले आउटस्विंग से बल्लेबाज को आउट किया, फिर अगली गेंद पर इनस्विंग से विकेट लिया। पुरानी गेंद से रिवर्स स्विंग की कला उन्हें खास बनाती है। वे खुद कहते हैं- मैंने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी जैसे भारतीय तेज गेंदबाजों को देखकर सीखा है कि सपाट पिचों पर विकेट कैसे निकाले जाते हैं।

