BCB डायरेक्टर नजमुल की छुट्टी: बांग्लादेश प्लेयर्स की बोर्ड के सामने 5 डिमांड; BPL के दो मैच रद्द
Published:
3 min read

गुरुवार 15 जनवरी को ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्लेयर्स एसोशिएसन के मेंबर। (फोटो क्रेडिट : @Prothom Alo)
स्पोर्ट्स डेस्क. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) का अपने ही खिलाड़ियों के साथ विवाद चल रहा है। बोर्ड ने गुरुवार को प्लेयर्स की डिमांड मानते हुए BCB डायरेक्टर नजमुल इस्लाम को फाइनेंस कमिटी के चेयरमैन समेत बाकी सभी पदों से हटा दिया। इसके अलावा खिलाड़ियों ने गुरुवार को ही BCB के सामने 5 डिमांड भी रखीं हैं।
प्लेयर्स की 5 डिमांड
- हम देश के लिए खेलेंगे, लेकिन BCB डायरेक्टर नजमुल इस्लाम के इस्तीफा देने के बाद ही। इस मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होगा।
-
ढाका में फर्स्ट-क्लास क्रिकेट स्ट्रक्चर को तुरंत बेहतर किया जाना चाहिए।
-
महिला क्रिकेटरों ने बोर्ड अधिकारियों पर सेक्शुअल हैरेसमेंट का आरोप लगाया है। इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
-
महिला क्रिकेटरों के लिए मैच फीस और दूसरी सुविधाओं में बैलेंस होना चाहिए।
-
खिलाड़ियों की शिकायतें सुनने और सुलझाने के लिए एक अलग बॉडी बनाई जाए। तय समय में फैसले लिए जाएं।
नजमुल को हटाया
BCB ने एक बयान में कहा- बोर्ड यह बताना चाहता है कि हाल के डेवलपमेंट्स के रिव्यू के बाद BCB ने एक फैसला लिया है। प्रेसिडेंट ने नजमुल इस्लाम को फाइनेंस कमिटी के चेयरमैन समेत बाकी सभी पदों से तुरंत हटाने का फैसला किया है।
विवाद की वजह
पूर्व कप्तान तमीम इकबाल ने BCB को सलाह दी थी कि भविष्य को देखते हुए भारत से रिश्ते बेहतर रखने चाहिए। विवाद बातचीत से सुलझाने चाहिए। इसके बाद नजमुल इस्लाम ने तमीम को इंडियन एजेंट कह दिया था।
प्लेयर्स ने इस्तीफे की मांग की
इसके बाद क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) ने नजमुल इस्लाम का इस्तीफा मांगा था। प्लेयर्स ने कहा था कि अगर नजमुल इस्तीफा नहीं देते हैं तो खिलाड़ी किसी भी फॉर्मेट में देश की तरफ से नहीं खेलेंगे। इसी वजह से खिलाड़ियों ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) 2026 का ओपनिंग मैच नहीं खेला। मैच को रद्द कर दिया गया।
जल्दबाजी में बयान देना ठीक नहीं
तमीम इकबाल ने एक इंटरव्यू में कहा था - हालात नाजुक हैं। जल्दबाजी में बयान देना ठीक नहीं। सभी लोगों को साथ बैठकर बात करनी चाहिए। बांग्लादेश क्रिकेट को अपने भविष्य और वर्ल्ड क्रिकेट में अपनी स्थिति को ध्यान में रखकर फैसले लेने चाहिए।
आसिफ ने ICC पर भी नाराजगी जताई। इस बॉडी ने बांग्लादेश की मांग का जवाब एक खत से दिया। आसिफ ने कहा- लगता है कि ICC भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों के लिए पैदा हुई गंभीर सुरक्षा स्थिति को ठीक से नहीं समझ रही है।
आखिर ये विवाद क्यों
यह पूरा मामला तब और गंभीर हो गया जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज कर दिया गया। बताया गया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कोलकाता टीम से कहा कि वह इस खिलाड़ी को नहीं रख सकती। इस फैसले के बाद बांग्लादेश में काफी नाराजगी देखने को मिली। भारत में होने वाले T20I वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम के टूर को लेकर भी सिचुएशन साफ नहीं है। BCB ने ICC से भारत के बाहर मैच कराने की मांग की है।
बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद वहां हिंदुओं पर हमले बढ़ गए। अब तक 8 हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है। इसको लेकर भारत में बेहद गुस्सा है। भारतीय मोदी सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की मांग कर रहे हैं। इसी कड़ी में रहमान को IPL से बाहर किया गया है।

