पहला एडीशन 2007 का T20 वर्ल्ड कप: भारत की जीत और धोनी की कप्तानी ने IPL जैसे बड़े लीग की नींव रखी; इसके बाद शॉर्ट फॉर्मट का क्रेज बढ़ा
Published:
3 min read

भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया।
स्पोर्ट्स डेस्क. क्रिकेट को हमेशा जेंटलमैन गेम माना जाता था। टेस्ट और वनडे ही इसकी पहचान थे। जब 2007 में पहली बार टी20 वर्ल्ड कप खेला गया, तो कई लोग इसे गंभीरता से नहीं ले रहे थे। सबको लग रहा था कि 20 ओवर का यह छोटा फॉर्मेट टिक नहीं पाएगा। लेकिन साउथ अफ्रीका में खेला गया 2007 का टी20 वर्ल्ड कप ने सारी सोच बदल दी। इसी टूर्नामेंट ने टी20 क्रिकेट को दुनिया का सबसे लोकप्रिय और रोमांचक फॉर्मेट बना दिया।
टी20 क्रिकेट की सबसे बड़ी खासियत इसकी तेज रफ्तार है। हर ओवर में कुछ न कुछ होता है। चौके, छक्के, विकेट और पूरा ड्रामा। 2007 वर्ल्ड कप में यही देखने को मिला। हर मैच आखिरी ओवर तक दिलचस्प रहा और दर्शक इससे पूरी तरह जुड़ गए। इसी टूर्नामेंट ने साबित कर दिया कि टी20 क्रिकेट सिर्फ मजा ही नहीं, बल्कि क्रिकेट का फ्यूचर भी है।

गेल ने लगाया पहला शतक
2007 वर्ल्ड कप के पहले ही मैच में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल ने शतक लगा दिया। उन्होंने 57 गेंदों में 117 रन बनाए और 10 छक्के लगाए। वेस्टइंडीज ने 205 रन बना दिए, जो उस समय टी20 में बहुत बड़ा स्कोर माना जाता था। लगा कि साउथ अफ्रीका हार जाएगा, लेकिन हर्शल गिब्स ने इतिहास रच दिया। उन्होंने नाबाद 90 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिला दी। इस मैच ने बता दिया कि टी20 में कोई भी स्कोर सेफ नहीं है।

2. जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराया
ऑस्ट्रेलिया उस समय क्रिकेट की सबसे मजबूत टीम थी। लेकिन टी 20 में नाम नहीं, खेल चलता है। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर सबको चौंका दिया। ब्रेंडन टेलर की शानदार पारी ने यह दिखा दिया कि टी20 में छोटी टीमें भी बड़े उलटफेर कर सकती हैं।

3- युवराज सिंह के 6 छक्के
युवराज सिंह ने इंग्लैंड के खिलाफ एक ओवर में लगातार 6 छक्के लगाए। सिर्फ 12 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। यह पल आज भी टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा और यादगार लम्हा माना जाता है। इसी ने टी20 को पूरी दुनिया में चर्चा का विषय बना दिया।

4 भारत बनाम पाकिस्तान
2007 वनडे वर्ल्ड कप में भारत की शर्मनाक हार के बाद टी20 टीम में युवाओं को मौका मिला। एमएस धोनी को कप्तान बनाया गया। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और मैच टाई हो गया। फिर हुआ बॉल-आउट। धोनी की चालाकी काम आई और भारत जीत गया। यहीं से धोनी एक बड़े कप्तान के रूप में सामने आए।

5. भारत की जीत और IPL का जन्म
भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को हराकर पहला टी20 वर्ल्ड कप जीत लिया। इस जीत के बाद BCCI ने IPL शुरू करने का फैसला किया। 2008 में शुरू हुआ आईपीएल आज दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है। 2007 का टी 20 वर्ल्ड कप ही आईपीएल की नींव बना।

