15 के हुए वैभव सूर्यवंशी: अब इंटरनेशनल डेब्यू का रास्ता साफ, क्या सचिन का रिकॉर्ड तोड़ेंगे
Published:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. यंग बैटर वैभव सूर्यवंशी अब इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 27 मार्च 2011 को जन्मे वैभव आज 15 साल के हो गए हैं। यही वजह है कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल का उम्र वाला नियम अब उनके रास्ते में बाधा नहीं रहा।
ICC के नियम के मुताबिक, किसी भी खिलाड़ी को इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए कम से कम 15 साल का होना जरूरी होता है। अब ये शर्त पूरी होने के बाद वैभव के इंटरनेशनल डेब्यू कर सकते हैं।

बिहार से शुरुआत
वैभव बिहार के समस्तीपुर जिले के ताजपुर गांव से आते हैं। उनके पिता संजीव सूर्यवंशी ने बेटे के करियर के लिए हर दिन 100 किमी से ज्यादा सफर किया। सुबह 4 बजे उठकर पिता बेटे को ट्रेनिंग के लिए पटना ले जाते थे। मां खाना पैक करती थीं। पूरा परिवार इस सपने के पीछे खड़ा था।

IPL में रिकॉर्ड शुरुआत
IPL 2025 में वैभव ने आते ही पहली गेंद पर छक्का लगाया। इसके बाद 14 साल 32 दिन की उम्र में शतक जड़ दिया। यह मेंस टी20 में सबसे कम उम्र का शतक बना।
अब उनके क्रिकेट सफर के बारे में जानते हैं
हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 80 गेंद में 175 रन की पारी खेली। इसमें 15 चौके और 15 छक्के शामिल थे। इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने मैच 100 रन से जीता और टाइटल अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में 444 रन और 162 की स्ट्राइक रेट रही।

तेंदुलकर का रिकॉर्ड
अब वैभव के सामने एक और बड़ा रिकॉर्ड है। सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 205 दिन की उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू किया था। वैभव इस रिकॉर्ड के करीब पहुंच सकते हैं।


