पंजाब में कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में आग: 4 बोगियां जली; यात्रियों में हड़कंप मचा
Published:
1 min read

कर्मभूमि एक्सप्रेस में आग लग गई
नेशनल डेस्क. पंजाब के सराई बंजारा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को कर्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई। आग के चलते ट्रेन की चार बोगियां चल गईं। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, अमृतसर से न्यू जलपाईगुरी तक चलने वाली 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के 5वें कोच में आग लगी थी। बताया जा रहा है कि ये आग शॉर्ट सर्किट के चलते लगी। हालांकि, अभी असली वजह पता नहीं चल पाई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, इसमें कई बोगियों में आग और धुआं दिखाई दे रहा है। रेलवे अधिकारी और पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंच गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन अमृतसर से चली थी और बसंपुरा रेलवे स्टेशन के पास आग लग गई। यह राजपुरा से 15KM दूर है।
उत्तरी रेलवे के CPRO हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास सिक्योरिटी सिस्टम एक्टिव होने के बाद ट्रेन सुरक्षित रूप से रुक गई। आग पर काबू पाया जा रहा है; वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।

