बेंगलुरु में पत्नी समेत 7 लोगों की हत्या: नंदी हिल्स में अलग-अलग जगह फेंके शव; सभी ससुराल पक्ष के लोग
Published:
2 min read

आरोपी पति अपनी पत्नी के मायके पक्ष से लगाव के चलते नाराज था। इस वजह से उसने सबको घर बुलाया और हत्या कर दी।
नेशनल डेस्क. कर्नाटक के बेंगलुरु में कैब ड्राइवर ने पत्नी, सास, दो साले, उनकी पत्नियां और 7 वर्षीय भतीजे की हत्या कर दी। आरोपी ने शवों को नंदी हिल्स में अलग-अलग जगह ठिकाने लगाया। आरोप है कि उसने 2 दिन में इन घटनाओं को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने राजाजीनगर के भाष्यम सर्किल में एक प्लानिंग के तहत सबका मर्डर किया। इसके बाद उसने चिकबलपुर जिले के नंदी हिल्स में अलग-अलग जगह पर बॉडी को डम्प कर दिया।
पत्नी के मायके से लगाव के चलते नाराज था
आरोपी इंदू शेखर ने 20 वर्ष पहले सुनीता से शादी की थी। वह अपनी पत्नी के मायके लगाव के चलते नाराज था। उसको शक था कि ससुराल पक्ष उसके वैवाहिक जीवन में दखलअंदाजी कर रहे हैं। उसकी पत्नी बार-बार मायके जाती थी, इससे उन दोनों के बीच विवाद होता था। जानकारी के मुताबिक, पत्नी को भाईयों और मां का साथ मिलने से भी वह नाराज था।
मृतकों में आरोपी की सास रूपवती, पत्नी सुनीता, साला शिवकुमार और शंकर, उनकी दिव्या और नलिनी और 7 वर्ष का भतीजा पुनीत शामिल हैं।
घर पर बुलाकर हत्या की
आरोपी ने हत्या करने के लिए पूरी प्लानिंग की। उसने सबसे पहले अपनी पत्नी को सिलबट्टे से मारा। बॉडी को ठिकाने लगाने के बाद दूसरे दिन उसने ससुराल के लोगों को घर पर पार्टी के लिए इनवाइट किया। आरोपी ने अपने सालो को शराब पिलाई फिर उनकी पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी। आरोपी ने अपनी कार से शवों को ठिकाने लगाया। हत्या करने के बाद आरोपी ने पड़ोसियों से कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ घूमने जा रहा है। उसने अपना फोन भी बंद कर लिया था।
यह खबर भी पढ़ें; लखनऊ में ट्रिपल मर्डर: पार्किंग को लेकर विवाद में तीन पड़ोसियों की गोली मारकर हत्या; मरने वालों में पिता-बेटा भी
गायब होने की शिकायत के बाद हुआ खुलासा
दिव्या और नलिनी की मां ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। यह शिकायत श्रीरामपुर पुलिस स्टेशन में 3 नवंबर को की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी इंदू शेखर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने हत्या करना स्वीकर किया। इसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। हालांकि पुलिस इस बात की जांच कर रही हैं। इस हत्याकांड में आरोपी की बेटी भी संदेह के घेरे में है।

