ऑपरेशन सिंदूर भारत की बड़ी जीत: इमरान खान की बहन नोरीन बोलीं-पाकिस्तान की हार छिपा रही फौज; जांच एजेंसी का नोटिस
Published:
3 min read

इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की बहन नोरीन नियाजी ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पाकिस्तान की सेना पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा- भारत का ऑपरेशन सिंदूर पूरी तरह सफल रहा, जबकि पाकिस्तान की सेना ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए झूठी जीत की कहानी गढ़ी। उनके इस बयान के कुछ ही घंटों के भीतर पाकिस्तान की नेशनल साइबर क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NCCIA) ने उन्हें नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए तलब कर लिया।
जंग की असली तस्वीर छिपाई गई-नोरीन
नोरीन नियाजी ने एक इंटरव्यू में कहा- भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिन तक चली जंग की असली तस्वीर पाकिस्तानी जनता से छिपाई गई। जंग वैसी नहीं थी, जैसी पाकिस्तान की फौज और सरकार ने लोगों को बताई। ऑपरेशन सिंदूर भारत की बड़ी कामयाबी थी, लेकिन पाकिस्तानी सेना ने अपनी हार को छिपाने के लिए अलग नैरेटिव तैयार किया। हालांकि, उन्होंने अपने दावों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।
भड़काऊ कंटेंट फैलाने का आरोप
नोरीन नियाजी के बयान के बाद NCCIA ने उन्हें नोटिस भेजा। एजेंसी ने आरोप लगाया कि उन्होंने सोशल मीडिया और पब्लिक प्लेटफॉर्म पर आर्मी और सरकारी संस्थानों को बदनाम करने वाला झूठा और भड़काऊ कंटेंट फैलाया है। नोटिस में कहा गया कि उनके बयानों से फर्जी नैरेटिव फैलाया गया। ऐसा करके सरकारी संस्थानों की इमेज खराब करने की कोशिश की गई। एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है।

भारत ने जानबूझकर मिलिट्री एक्शन रोका
इंटरव्यू के दौरान नोरीन नियाजी ने दो बड़े दावे भी किए। पहला दावा यह था कि भारत ने जानबूझकर मिलिट्री एक्शन आगे नहीं बढ़ाया। इसके पीछे अमेरिका और इजराइल से जुड़ी एक स्ट्रैटेजी थी। ऐसा पाकिस्तान पर प्रेशर बनाने के मकसद से किया गया ताकि ताकि वह भविष्य में इजराइल को मान्यता दे और अब्राहम अकॉर्ड्स का हिस्सा बने। हालांकि उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया।
पाकिस्तान के मिलिट्री ऑपरेशन को ट्रम्प ने रोका
नोरीन नियाजी ने दूसरा दावा किया कि जिस मिलिट्री ऑपरेशन को पाकिस्तान ने मारका-ए-हक नाम दिया, उसे आगे बढ़ने से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रोका। उनके मुताबिक ट्रम्प ने खुद दखल देकर पाकिस्तान की सरकार और आर्मी को सम्मानजनक रास्ता निकालने का मौका दिया। पाकिस्तान की सरकार ने पहले भी ट्रम्प के मीडिएटर बनने की बात कबूल की है।
नोरीन के बयान पर PML-N के नेताओं की आपत्ति
नोरीन नियाजी के बयान पर पाकिस्तान की सत्तारूढ़ पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) के नेताओं ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान पाकिस्तान के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ हैं। इससे देश की छवि को नुकसान पहुंचता है। ऑपरेशन सिंदूर और भारत-पाकिस्तान टेंशन को लेकर पाकिस्तान के भीतर अब अलग-अलग दावे और जवाबी दावे सामने आ रहे हैं। इससे पाकिस्तान की सियासत और ज्यादा गरमा गई है।

