G7 ऑफ-द-रिकॉर्ड: ट्रम्प ने मैक्रों की घड़ी मांगी , मेलोनी बोलीं- मैंने स्मोकिंग छोड़ दी; लंच टेबल पर FIFA का भी जिक्र
Published:
5 min read

फ्रांस में हो रही G7 समिट के दौरान नेताओं की दिलचस्च पर्सनल बातों का ऑडियो वायरल हो रहा है।
इंटरनेशनल डेस्क। फ्रांस में हो रही G7 समिट में पहुंचे नेताओं की ऑफ द रिकॉर्ड बातें वायरल हो रही है। दरअसल, समिट में पहुंचे वर्ल्ड लीडर्स को लगा कि माइक्रोफोन बंद हैं, लेकिन उनकी बातचीत रिकॉर्ड हो गई। इस पूरी बातचीत में कई बार यह देखा गया कि लीडर्स जंग, इकोनॉमी और डिप्लोमेसी से हटकर अलग-अलग चीजों पर बात कर रहे थे। किसी ने फुटबॉल वर्ल्ड कप पर चर्चा की, किसी ने सिगरेट छोड़ने की बात बताई, तो किसी ने मजाक में घड़ी मांग ली। सबसे ज्यादा चर्चा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के ग्रीनलैंड वाले कमेंट की हो रही है।
मेलोनी ने कहा- मैंने सिगरेट छोड़ दी है
G7 समिट में जहां दुनिया के बड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है, वहीं एक हल्का-फुल्का पल भी खूब चर्चा में रहा। मीटिंग शुरू होने से पहले जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने मेलोनी से मजाकिया अंदाज में पूछा कि क्या उन्होंने सुबह सिगरेट पी है। इस पर मेलोनी ने जवाब दिया- मैंने 1 मई से सिगरेट नहीं पी है। उनका जवाब सुनते ही टेबल पर बैठे कई नेताओं ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया।
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और यूरोपीय यूनियन के सीनियर रिप्रेजेंटेटिव ने मेलोनी की इस कोशिश की तारीफ की। नेताओं का रिएक्शन देखकर मेलोनी भी मुस्कुराईं और दोनों हाथ उठाकर खुशी जाहिर की।
इसके बाद माहौल और हल्का हो गया। कनाडाई प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाक करते हुए पूछा- क्या आपने कोई पैच लगाया है? उन्होंने यह कहते हुए अपने हाथ की तरफ इशारा भी किया। कार्नी के इस कॉमेंट पर वहां मौजूद नेता हंस पड़े।
फुटबॉल ने भी बना ली जगह
G7 जैसा बड़ा डिप्लोमेटिक प्लेटफॉर्म भी फुटबॉल से दूर नहीं रह सका। लंच के दौरान नेताओं के बीच खेल की चर्चा छिड़ गई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने फ्रांस की फुटबॉल टीम और पेरिस सेंट-जर्मेन की जीत का जिक्र किया। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने स्पेन के खिलाफ केप वर्डे के 0-0 ड्रॉ को काफी शानदार बताया। इसी बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने UFC की चर्चा छेड़ी और व्हाइट हाउस में अपने जन्मदिन पर हुई फाइटिंग चैंपियनशिप की बात छेड़ दी। ट्रम्प ने UFC प्रेसिडेंट डाना व्हाइट की भी तारीफ की। यह बातचीत G7 के सबसे चर्चित हॉट-माइक मोमेंट्स में शामिल रही।
ट्रम्प को मिली बाइक और जर्सी
मैक्रों ने G7 नेताओं को अगले साल फ्रांस में होने वाली साइक्लिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के प्रचार के लिए पर्सनलाइज्ड साइकिल गिफ्ट की। ट्रम्प को भी बाइक मिली, जबकि वह खुद अक्सर साइक्लिंग से दूरी बनाने की बात कहते रहे हैं। जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने ट्रम्प को जर्मन फुटबॉल टीम की जर्सी भी भेंट की, जिस पर ट्रम्प का नाम और नंबर 47 लिखा था।
ट्रम्प का ग्रीनलैंड वाला कमेंट
सबसे ज्यादा सुर्खियां ट्रम्प और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा के बीच हुई छोटी सी बातचीत ने बटोरीं। माइक्रोफोन में ट्रम्प की आवाज रिकॉर्ड हुई, यू अंडरस्टैंड? ग्रीनलैंड (You understand? Greenland) बातचीत का बाकी हिस्सा साफ नहीं सुनाई दिया, लेकिन ट्रम्प के इस कमेंट को लेकर चर्चा तेज हो गई। ट्रम्प पहले भी ग्रीनलैंड को लेकर दिलचस्पी दिखा चुके हैं, इसलिए उनकी इस माइक मोमेंट को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
कार्नी ने ट्रम्प को समझाई चीन वाली डील
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और ट्रम्प के बीच भी एक दिलचस्प बातचीत रिकॉर्ड हुई। कार्नी चीन से इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिमिटेड इंपोर्ट की व्यवस्था समझा रहे थे। उन्होंने कहा कि यह कनाडा के टोटल मार्केट का 3 फीसदी से भी कम हिस्सा है और इस पर सख्त सीमा लगाई गई है। ट्रम्प ने उनकी बात सुनने के बाद छोटा सा जवाब दिया- अच्छा है, मुझे ये बात पसंद आई (That's good, I like it), इस बातचीत को भी G7 के सबसे चर्चित हॉट-माइक मोमेंट्स में गिना जा रहा है।
मैक्रों के घड़ी भूलने पर ट्रम्प का मजाक
एक और मजेदार पल तब आया जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपनी घड़ी भूल गए। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने मजाक में कहा- उन्होंने अपनी घड़ी यहीं छोड़ दी है, अब हमारे पास उनकी घड़ी है। ट्रम्प ने तुरंत जवाब दिया- अगर छोड़ गए हैं तो मुझे दे दो। इस पर वहां मौजूद नेता हंस पड़े और माहौल थोड़ी देर के लिए हल्का हो गया।
जेलेंस्की से ट्रम्प को लेकर बात करते दिखे मैक्रों
एक और रिकॉर्ड हुई बातचीत में फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की साथ चलते हुए नजर आए। मैक्रों ने जेलेंस्की से कहा कि ट्रम्प के साथ उनकी पिछली बातचीत बेहद कठिन रही थी। इसके बाद उन्होंने पूछा कि क्या जेलेंस्की की ट्रम्प के साथ अलग मीटिंग तय है। जब जेलेंस्की ने बताया कि वह अगले दिन ब्रसेल्स रवाना हो जाएंगे, तो मैक्रों ने कहा- ठीक है, मैं इसकी व्यवस्था कर दूंगा इस बातचीत ने यूक्रेन मुद्दे पर पर्दे के पीछे चल रही डिप्लोमेसी सामने आई।

