बांग्लादेश में हिंदू शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या: जमीन विवाद सुलझाने पहुंचे थे, आरोपी गिरफ्तार
Published:
2 min read

बांग्लादेश में एक हिंदू शिक्षक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। फोटो- AI
इंटरनेशनल डेस्क। बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में जमीन विवाद सुलझाने गए एक शिक्षक की पीट-पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय मनोरंजन रॉय के रूप में हुई है। वह चाक सुकदेबपुर गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल (Chak Sukdebpur Government Primary School) में असिस्टेंट हेड टीचर थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपी 32 वर्षीय असदुज्जमां (Asaduzzaman) को गिरफ्तार कर लिया है।
बीच-बचाव करने पर शिक्षक की हत्या
यह घटना पार्वतीपुर उपजिला के मोल्लापारा गांव में रविवार को हुई। लोकल पुलिस ने बताया- गांव में दिवंगत अजीजुल मास्टर के घर के पास से गुजरने वाले रास्ते को लेकर असदुज्जमां के परिवार और दूसरे लोगों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवाद सुलझाने के लिए रविवार दोपहर दोनों पक्षों की सुलह के लिए बैठक बुलाई गई थी। इलाके के सम्मानित नागरिक होने के नाते शिक्षक मनोरंजन रॉय को भी बैठक में बुलाया गया था।
बैठक के दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। मामला बढ़ता देख मनोरंजन रॉय ने बीच-बचाव करने और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपी असदुज्जमां ने गुस्से में आकर उन पर लाठी से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
सिर और शरीर पर चोटें लगने से मनोरंजन रॉय जमीन पर गिर पड़े। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दिनाजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
तनाव के बाद पुलिस बल तैनात
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में इस घटना का कोई सीधा कम्यूनल एंगल सामने नहीं आया है। शिक्षक का जमीन से कोई निजी संबंध नहीं था। वह सिर्फ दोनों पक्षों के बीच -बचाव कर रहे थे। इलाके में तनाव बढ़ने से रोकने के लिए पार्वतीपुर में पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, पुलिस आरोपी से थाने में पूछताछ कर रही है।

