15 अगस्त से फास्टैग एनुअल पास शुरू: 3000 रुपए में होगा रिचार्ज, साल में 200 बार कर सकते हैं इस्तेमाल; जानें क्या होंगे नियम
Published:
3 min read

फास्टैग का सालाना पास नेशनल हाईवे पर चलने वाले प्राइवेट वाहनों के लिए होगा।
15 अगस्त यानी कल से फास्टैग एनुअल पास बनना शुरू हो गया है। ये पास नेशनल हाईवे पर चलने वाले प्राइवेट वाहनों के लिए होगा। फास्टैग एनुअल पास 3000 रुपए में रिचार्ज होगा, जो एक साल के लिए वैलिड रहेगा। इसे साल भर में 200 बार इस्तेमाल कर सकते हैं।
यहां जानें फास्टैग एनुअल पास के लिए क्या हैं नियम...
क्या वॉलेट बैलेंस से इसे एक्टिवेट कर सकेंगे
फास्टैग की सालभर की वैलिडिटी खत्म होने के बाद उसे दोबारा रिचार्ज करना पड़ेगा। वहीं वॉलेट बैलेंस पास को एक्टिवेट या री-एक्टिवेट करने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
कहां से खरीदना होगा फास्टैग एनुअल पास
फास्टैग एनुअल पास को केवल 'राजमार्ग यात्रा मोबाइल' ऐप या नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की वेबसाइट पर ही एक्टिवेट किया जा सकता है।
कैसे एक्टिवेट करना होगा पास
पास व्हीकल की एलिजिबिलिटी वेरीफाई करने के बाद ही एक्टिवेट होगा। वेरिफिकेशन के बाद यूजर को 2025-26 के लिए 'राजमार्ग यात्रा ऐप या NHAI वेबसाइट के जरिए 3000 रुपए पेमेंट करनी होगी। पेमेंट कंफर्म होने के बाद दो घंटे में रजिस्टर्ड फास्टैग पर इयरली पास एक्टिवेट हो जाएगा।
क्या इयरली पास के लिए न्यू फास्टैग जरूरी
पास को मौजूदा फास्टैग पर एक्टिवेट किया जा सकता है। लेकिन इसके लिए कुछ कंडीशंस हैं, जैसे- फास्टैग गाड़ी की विंडशील्ड पर ठीक से लगा होना चहिए। वैलिड व्हीकल रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़ा हो और ब्लैकलिस्टेड न हो।
पास किस-किस जगह इस्तेमाल होगा
ये पास सिर्फ नेशनल हाईवे और एक्सप्रेसवे के टोल बूथ पर मान्य है। स्टेट हाईवे, पार्किंग लॉट वगैरह में ये सामान्य फास्टैग की तरह ही काम करेगा।
क्या ये पास सभी व्हीकल्स के लिए है
इयरली पास सिर्फ VAHAN पर रजिस्टर्ड प्राइवेट व्हीकल्स के लिए है। अगर इसे किसी कमर्शियल व्हीकल में इस्तेमाल किया, तो ये बिना नोटिस के तुरंत डीएक्टिवेट हो जाएगा।
क्या इसे दूसरे व्हीकल्स पर ट्रांसफर कर सकेंगे
फास्टैग एनुअल पास दूसरी गाड़ियों में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। ये केवल उसी गाड़ी के लिए वैलिड होगा, जिस पर लगा और रजिस्टर्ड है। अगर इसे दूसरी गाड़ी में इस्तेमाल किया तो डीएक्टिवेट हो जाएगा।
क्या चेसिस नंबर से फास्टैग पर एनुअल पास रजिस्टर्ड होगा
सालाना पास उन फास्टैग पर नहीं मिलेगा, जो सिर्फ चेसिस नंबर से रजिस्टर्ड हैं। यूजर को फास्टैग में चेसिस नंबर के साथ गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर अपडेट करना होगा। इसके बाद ही इसे एक्टिवेट कर पाएंगे।
पास में एक ट्रिप कैसे काउंट होगी
पॉइंट-बेस्ड टोल प्लाजा पर हर बार टोल पार करना एक ट्रिप माना जाएगा। अगर आप आने-जाने दोनों तरफ से पार करते हैं, तो वो दो ट्रिप गिने जाएंगे। क्लोज्ड टोलिंग प्लाजा में एक बार के एंट्री और एग्जिट को एक ट्रिप माना जाएगा।
क्या SMS नोटिफिकेशन की फैसिलिटी होगी
एनुअल पास एक्टिवेट होने के बाद 'राजमार्ग यात्रा ऐप आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को बैंक से ले सकता है। ऐसा इसलिए ताकि आपको SMS अलर्ट और दूसरी तरह की जानकारी भेजी जा सकें।

