हैदराबाद की चौथी जीत, टॉप-3 में टीम: दिल्ली को 47 रन से हराया; अभिषेक की सेंचुरी, प्लेयर ऑफ द मैच बने
Published: Updated:
2 min read

स्पोर्ट्स डेस्क. इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन का 31वां मैच सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच मंगलवार (21 अप्रैल) को खेला गया। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में हुआ। घरेलू मैदान पर SRH टीम ने 47 रन से जीत हासिल की। अभिषेक शर्मा ने सेंचुरी लगाई। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह इस सीजन में हैदराबाद टीम की 7 मैच में चौथी जीत है। तीन मैच में उसे हार मिली। यह टीम अब 8 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है। उनका नेट रनरेट 0.820 है।
दूसरी ओर अक्षर पटेल की कप्तानी वाली दिल्ली टीम है। उसने अब तक 6 मैच खेले, जिसमें से 3 जीते और इतने ही हारे हैं। यह टीम अभी 6 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर है।
SRH टीम 242/2
मैच में टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए हैदराबाद टीम ने 2 विकेट पर 242 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 68 बॉल पर 135 रन की पारी खेली। इस दौरान 10 सिक्स और इतने ही चौके लगाए। करीब 107 मिनट क्रीज पर रहे अभिषेक का स्ट्राइक रेट 198.52 का रहा।
ट्रेविस हेड ने 26 बॉल पर 37 और हेनरिक क्लासेन ने 13 बॉल पर नाबाद 37 रन की पारी खेली। कप्तान ईशान किशन ने 13 बॉल पर 25 रन बनाए। दिल्ली के लिए सिर्फ अक्षर पटेल 1 विकेट ले सके।
दिल्ली टीम 195/9
243 रन के टारगेट के जवाब में दिल्ली की टीम 9 विकेट पर 195 रन ही बन सकी और 47 रन से मैच गंवा दिया। नीतीश राणा ने 30 बॉल पर 57 रन की पारी खेली। जबकि समीर रिजवी ने 28 बॉल पर 41 और केएल राहुल ने 23 बॉल पर 37 रन बनाए।
हैदराबाद टीम के लिए पेसर ईशान मलिंगा ने 32 रन देकर 4 विकेट लिए। हर्ष दुबे ने 2 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। दिलशान मधुशंका और साकिब हुसैन को 1-1 सफलता मिली।

