TVS Motor Q2 रिजल्ट: कंपनी का प्रॉफिट 37% बढ़कर 906 करोड़ हुआ, रेवेन्यू 11,905 करोड़; बिक्री 15 लाख यूनिट के पार पहुंची
Published:
2 min read

TVS ने कहा कि आने वाले महीनों में EV सेगमेंट उसकी ग्रोथ का अहम हिस्सा रहेगा। कंपनी इंटरनेशनल नेटवर्क और प्रीमियम बाइक सेगमेंट पर भी खास ध्यान दे रही है।
बिजनेस डेस्क। टीवीएस मोटर कंपनी ने सितंबर 2025 के क्वार्टर (Q2 FY26) के रिजल्ट घोषित कर दिए हैं। कंपनी ने इस बार सबसे ज्यादा सेल्स, रेवेन्यू और प्रॉफिट दर्ज किया है। TVS का नेट प्रॉफिट साल-दर-साल 36.6% बढ़कर 906 करोड़ रुपए पहुंच गया, जो पिछले साल इसी क्वार्टर में 663 करोड़ था। जून 2025 क्वार्टर में कंपनी को 778.59 करोड़ का प्रॉफिट हुआ था।
कंपनी की ऑपरेटिंग इनकम 29% बढ़कर 11,905 करोड़ रुपए हो गई है, जो सितंबर 2024 के तिमाही में 9,228 करोड़ थी। यह बढ़त घरेलू और इंटरनेशनल मार्केट्स में मजबूत सेल की वजह से आई है। कंपनी ने बताया कि EV सेगमेंट में जोरदार उछाल देखने को मिला है।
TVS Motor Q2 रिजल्ट की 5 बड़ी बातें
सेल में 23% का उछाल, 15 लाख यूनिट से ज्यादा की बिक्री
इस क्वार्टर में TVS ने टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर मिलाकर 15.07 लाख यूनिट्स बेचे, जो पिछले साल की तिमाही के 12.28 लाख यूनिट्स से 23% ज्यादा है। यह कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी तिमाही बिक्री रही।
एक्सपोर्ट मार्केट मजबूत
अंतरराष्ट्रीय मार्केट में TVS Motor का परफॉर्मेंस शानदार रहा। कंपनी ने टू-व्हीलर एक्सपोर्ट सेल्स 31% बढ़कर 3.63 लाख यूनिट्स पहुंच गई। पिछले साल सितंबर क्वार्टर में यह 2.78 लाख यूनिट्स थी।
EV व्हीकल्स की बिक्री में रिकॉर्ड
इलेक्ट्रिक वाहनों में भी कंपनी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। इस क्वार्टर में 80,000 यूनिट्स बेचे, जो पिछले साल के 75,000 यूनिट्स से 7% ज्यादा हैं। TVS ने बताया कि EV सेगमेंट में बैटरी मैग्नेट की कमी फिलहाल एक चुनौती बनी हुई है, लेकिन कंपनी इस पर काम कर रही है।
चार नए प्रोडक्ट्स लॉन्च
पिछले 3 महीनों में टीवीएस ने चार नए प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं। इसमें EV लाइनअप को और मजबूत करने के लिए 'TVS Orbiter' स्कूटर शामिल है। साथ ही कंपनी ने 'TVS Apache RTX' लॉन्च कर सुपर-प्रीमियम बाइक्स की कैटेगरी में एंट्री की है।
हाफ-ईयर परफॉर्मेंस रहा दमदार
सितंबर 2025 तक के छह महीनों में कंपनी का कुल रेवेन्यू 21,986 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के 17,604 करोड़ से 25% अधिक है। नेट प्रॉफिट 36% बढ़कर 1,684 करोड़ पहुंच गया है।

