टाटा मोटर्स ने FY30 के लिए बनाया रोडमैप: 5 नई EV कारें लॉन्च होगी, SUV और CNG मॉडल्स पर फोकस; 35000 करोड़ का निवेश करेगी कंपनी
Published:
3 min read

FY26 में कंपनी EV बिक्री 43% बढ़कर 92179 यूनिट रही। (फोटो सोर्स- टाटा मोटर्स)
बिजनेस डेस्क। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) ने आने वाले 5 सालों के लिए रोडमैप तैयार किया है। कंपनी का टारगेट फाइनेंशियल ईयर 2030 तक इंडियन कार मार्केट में 18-20% शेयर हासिल करना और डबल-डिजिट एबिटा मार्जिन तक पहुंचना है।
इस टारगेट को पूरा करने के लिए कंपनी अपनी पैसेंजर व्हीकल और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) यूनिट्स में 33,000-35,000 करोड़ का इन्वेस्टमेंट करने जा रही है। यह जानकारी टाटा मोटर्स की FY26 एनुअल रिपोर्ट में दी गई है।
नए मॉडल, EV और प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाने पर फोकस
कंपनी का कहना है यह इन्वेस्टमेंट नई गाड़ियों, प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाने, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को स्ट्रांग करने और EV इकोसिस्टम तैयार करने में किया जाएगा। टाटा मोटर्स का ध्यान खासतौर पर SUV और EV व्हीकल्स सेगमेंट में अपनी पकड़ को मजबूत करने पर है।
SUV, CNG और EV ग्रोथ के सबसे बड़े इंजन
टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का मानना है कि आने वाले सालों में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में ग्रोथ SUV, CNG और EV गाड़ियों से आएगी। उन्होंने कहा, 'कंपनी FY27 में कई नए लॉन्च के साथ एंट्री करेगी। साथ ही पेट्रोल, डीजल, CNG और इलेक्ट्रिक के पावरट्रेन ऑप्शन पर काम कर रही है।'
FY26 में रिकॉर्ड बिक्री, मार्केट शेयर बढ़ा
फाइनेंशियल ईयर 2026 में टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के लिए बेहतर रहा। कंपनी ने 6,41,586 पैसेंजर वाहन बेचे, जो पिछले साल की तुलना में 15% अधिक हैं। वहीं, पूरे इंडस्ट्री की ग्रोथ करीब 8% रही। FY26 के दूसरे क्वार्टर में कंपनी का मार्केट शेयर 14.1% तक पहुंच गया।
FY30 तक पांच नए EV वाहन आएंगे
EV बाजार में अपनी लीडरशिप बनाए रखने के लिए टाटा मोटर्स FY30 तक पांच नए इलेक्ट्रिक वाहन लॉन्च करने की तैयारी में है। FY26 में कंपनी की EV बिक्री 43% बढ़कर 92,179 यूनिट रही। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में कंपनी की हिस्सेदारी 40.2% रही।
CNG वाहनों की बिक्री करीब 1.70 लाख यूनिट दर्ज की गई। कंपनी अब EV और पेट्रोल-डीजल वाहनों के ओनरशिप कॉस्ट के अंतर को कम करने, चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार करने और बैटरी गारंटी कार्यक्रमों को मजबूत करने पर भी काम कर रही है।
जैगुआर लैंड रोवर निवेश की रफ्तार बरकरार रखेगी
टाटा मोटर्स की लग्जरी कार यूनिट जैगुआर लैंड रोवर (JLR) भी अपने निवेश कार्यक्रम को जारी रखेगी। कंपनी FY24 से शुरू हुए पांच वर्षीय 18 अरब पाउंड निवेश कार्यक्रम को बनाए रखेगी। हालांकि JLR को चीन में कमजोर मांग, टैरिफ से जुड़ी अनिश्चितताओं और FY26 के दौरान हुए साइबर अटैक जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
कंपनी अपने ब्रेक-ईवन वॉल्यूम को घटाकर लगभग 3 लाख यूनिट तक लाना चाहती है। FY27 में रेंज रोवर EV और जैगुआर की नई रीइमैजिन्ड लाइन-अप का पहला मॉडल लॉन्च किया जाएगा।

