Royal Enfield Shotgun 650 का लिमिटेड एडिशन: सिर्फ 25 लोगों को ही मिलेगी, कीमत 5.75 लाख; ऐसे करें बुक
Published:
3 min read

भारत में केवल 25 यूनिट होने की वजह से यह बाइक Royal Enfield के शौकीनों और कलेक्टर्स के लिए एक खास मॉडल बन जाएगी। (फोटो सोर्स- रॉयल एनफील्ड)
बिजनेस डेस्क। रॉयल एनफील्ड (Royal Enfield) ने अपनी बाइक शॉटगन 650 (Shotgun 650) का नया लिमिटेड एडिशन लॉन्च किया है। कंपनी ने इसे ताइवन कस्टम बाइक बिल्डर रफ क्राफ्ट्स (Rough Crafts) के साथ मिलकर तैयार किया है।
इस बाइक का नाम 'Shotgun 650 x Rough Crafts' रखा गया है। यह मॉडल कैलिबर रॉयल (Caliber Royale) नाम की वन-ऑफ कस्टम बाइक से इंस्पायर्ड है। इसकी सिर्फ 100 यूनिट ही बनाई जाएंगी। जिनमें 25 यूनिट सिर्फ भारत के ग्राहकों के लिए रखी गई है। हर बाइक का सीरियल नंबर भी अलग-अलग होगा।
Shotgun 650 x Rough Crafts की कीमत क्या है?
- इस लिमिटेड एडिशन की एक्स-शोरूम कीमत 5.75 लाख रुपए है।
- रॉयल एनफील्ड ने इस बाइक को पहली बार EICMA 2025 में पेश किया है।
- इसके बाद इसे भारत में Motoverse 2025 के दौरान दिखाया गया।
- Shotgun 650 x Rough Crafts की बिक्री Royal Enfield के खास 'ड्रॉप' फॉर्मेट के जरिए होगी।
- अलग-अलग देशों में इसकी बिक्री 27 जुलाई से 30 जुलाई के बीच होगी।
- भारत के लिए तय 25 यूनिट की बिक्री 30 जुलाई शाम 7 बजे से शुरू होगी।

Rough Crafts के डिजाइन से मिली नई पहचान
Royal Enfield के हेड- कस्टम एंड मोटरस्पोर्ट्स एड्रियन जॉन सेलर्स के मुताबिक, यह लिमिटेड एडिशन Shotgun 650 की कस्टम फिलॉसफी को एक नए अंदाज में पेश करता है। इसका डिजाइन Caliber Royale से इंस्पायर्ड है। इसमें Rough Crafts की पहचान माने जाने वाले ब्लैक और गोल्ड थीम का इस्तेमाल किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह बाइक दिखाती है कि Shotgun 650 प्लेटफॉर्म पर कितनी अलग और क्रिएटिव डिजाइन तैयार की जा सकती है।
ब्लैक-गोल्ड थीम के साथ प्रीमियम लुक
- इस स्पेशल एडिशन बाइक में ग्लॉस जेट ब्लैक और मैट स्टील्थ ब्लैक कलर का कॉम्बिनेशन दिया गया है। बॉडी पर गोल्ड लीफ स्ट्राइप और हल्के ग्रे एक्सेंट इसे अलग पहचान देते हैं।
- फ्यूल टैंक पर लिमिटेड एडिशन नंबरिंग दी गई है, जबकि ओरिजिनल कस्टम बाइक की तरह इसमें कास्ट ब्रास कोलैबोरेशन बैज भी लगाया गया है।
इन प्रीमियम और एक्सक्लूसिव फीचर्स से लैस है बाइक
Royal Enfield Shotgun 650 Limited Edition में कई एक्सक्लूसिव फीचर्स दिए गए हैं। इसमें ब्लैक बार-एंड मिरर, क्विल्टेड लेदर सीट, कॉन्ट्रास्ट-कट अलॉय व्हील और गोल्ड फिनिश वाले फ्रंट फोर्क इनर ट्यूब मिलते हैं। इसके साथ हर खरीदार को Caliber Royale की स्केच आर्टवर्क भी दी जाएगी, जिस पर Rough Crafts के फाउंडर विंस्टन येह के सिग्नेचर होंगे। यह आर्टवर्क भी नंबर वाली लिमिटेड एडिशन होगी।

इंजन और परफॉर्मेंस में कोई बदलाव नहीं
मैकेनिकल तौर पर यह बाइक बिल्कुल स्टैंडर्ड Shotgun 650 जैसी ही है। इसमें वही 648cc का पैरेलल-ट्विन, एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है, जो 47hp की पावर और 52.3Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है।
भारत में कब शुरू होगी बिक्री और कैसे करें बुक?
इस बाइक को खरीदने के लिए इच्छुक ग्राहकों को 30 जुलाई 2026 तक Royal Enfield App या कंपनी की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। Royal Enfield App एंड्रॉयड और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसके बाद अलग-अलग क्षेत्रों में तय तारीख पर बाइक की बिक्री होगी।
भारत में इस लिमिटेड एडिशन बाइक की बिक्री 30 जुलाई 2026 को शाम 7 बजे शुरू होगी। भारत के लिए केवल 25 यूनिट उपलब्ध रहेंगी। वहीं यूरोप, अमेरिका और APAC क्षेत्र में बिक्री 27 से 29 जुलाई 2026 के बीच होगी, जहां प्रत्येक क्षेत्र के लिए भी 25-25 यूनिट तय की गई हैं।

