मई में ऑटोमोबाइल कंपनियों की बिक्री में तेजी: मारुति सुजुकी ने बनाया रिकॉर्ड, 2.42 लाख गाड़ियां बेची, महिंद्रा की बिक्री 20% तक बढ़ी
Published:
3 min read

यह AI जेनरेटेड सिम्बॉलिक इमेज है। इसे न्यूज नेचर के लिहाज से क्रिएट किया गया है।
बिजनेस डेस्क। ऑटोमोबाइल कंपनियों के लिए मई का महीना शानदार रहा। मारुति सुजुकी, हुंडई मोटर इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टोयोटा ने बिक्री के बेहतर आंकड़े दर्ज किए हैं। घरेलू बाजार में लगातार बनी डिमांड और अलग-अलग सेगमेंट में स्ट्रांग परफॉर्मेंस के चलते कंपनियों की सेल्स में इजाफा देखने को मिला।
मारुति सुजुकी ने बनाया रिकॉर्ड
देश की सबसे बड़ी कार कार मैन्युफैक्चरर कंपनी मारुति सुजुकी ने मई 2026 में 2,42,688 वाहनों की बिक्री की। यह कंपनी की अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री रही। कंपनी के सेल्स आंकड़े इस प्रकार रहे:
- घरेलू बाजार में बिक्री- 1,93,535 यूनिट
- OEM कंपनियों की बिक्री- 7,239 यूनिट
- एक्सपोर्ट- 41,914 यूनिट
- कुल बिक्री- 2,42,688 यूनिट
हुंडई मोटर की बिक्री में 9.1% की बढ़ोतरी
हुंडई मोटर इंडिया ने मई में 47,837 यूनिट्स की बिक्री की। यह पिछले साल की तुलना में 9.1% अधिक है। वहीं, कंपनी ने 13,300 वाहनों को एक्सपोर्ट किया है। इस तरह घरेलू और निर्यात बिक्री को मिलाकर सेल्स 61,137 यूनिट रही, जो सालाना आधार पर 4.1% की वृद्धि दर्शाता है।
कंपनी के MD और CEO तरुण गर्ग ने कहा, 'हुंडई मोटर ने मई में भी साल भर की अपनी मजबूत गति को बरकरार रखा है। FY27 के पहले दो महीनों (अप्रैल-मई) में घरेलू बिक्री 13% बढ़कर 99,739 यूनिट पहुंच गई। जबकि पिछले फाइनेंशियल ईयर में यह आंकड़ा 88,235 यूनिट था।'
महिंद्रा की बिक्री में 20% की छलांग
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मई 2026 में घरेलू और निर्यात बाजार को मिलाकर 99,636 वाहनों की सेल्स की। यह पिछले साल की तुलना में 20% अधिक है। कंपनी ने घरेलू बाजार में 58,021 यूटिलिटी व्हीकल्स (SUV) बेचे। यह पिछले साल की तुलना में 11% अधिक है। एक्सपोर्ट को शामिल करने पर कंपनी की टोटल यूटिलिटी व्हीकल सेल 59,573 यूनिट रही।
महिंद्रा के ऑटोमोटिव डिवीजन के CEO नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा कि हमारे पूरे पोर्टफोलियों की डिमांड लगातार बनी हुई है। हालांकि कुछ सप्लायर कंपनियों में कर्मचारियों की कमी के कारण सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियां अभी बनी हुई है।
ट्रैक्टर बिक्री में महिंद्रा का बेहतरीन प्रदर्शन
महिंद्रा के फार्म इक्विपमेंट बिजनेस ने मई 2026 में घरेलू बाजार में 47,854 ट्रैक्टर बेचे। पिछले साल इसी महीने यह आंकड़ा 38,914 यूनिट था। इस तरह ट्रैक्टर बिक्री में 23% की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई। ट्रैक्टर बिक्री के मुख्य आंकड़े-
- घरेलू बिक्री- 47,845 यूनिट
- कुल बिक्री- 49,695 यूनिट
- एक्सपोर्ट- 1850 यूनिट
वहीं, महिंद्रा ट्रक एंड बस डिवीजन और SML महिंद्रा को मिलाकर कंपनी ने मई में 3123 ट्रक और बसों की बिक्री की। यह पिछले साल की तुलना में 18% अधिक है।
टोयोटा की बिक्री में 7% का इजाफा
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने मई 2026 में 33,128 वाहनों की बिक्री दर्ज की। यह पिछले साल मई में बेची गई 30,864 यूनिट के मुकाबले 7% ज्यादा है। कंपनी के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सबारी मनोहर ने कहा कि टोयोटा ने भारत में स्ट्रांग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक व्हीकल्स की 3 लाख से अधिक बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि बताती है कि लोग अब हाइब्रिड टेक्नोलॉजी और पर्यावरण के अनुकूल मोबिलिटी विकल्पों को तेजी से अपना रहे हैं। कंपनी भविष्य में भी साफ और टिकाऊ परिवहन समाधानों पर फोकस करती रहेगी।
यह भी पढ़ें-
Tata Tiago Facelift 2026 लॉन्च: 6 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा और नया डिजाइन; 285KM रेंज वाली EV भी आई

