मारुति सुजुकी का नया क्विकस्टॉप मॉडल: अब ऑफिस और एयरपोर्ट पर कराएं कार सर्विस, दिल्ली-हैदराबाद समेत इन शहरों में शुरू हुई सुविधा
Published:
3 min read

क्विकस्टॉप यूनिट्स दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता में शुरू हुआ है। (फोटो सोर्स- मारुति सुजुकी)
बिजनेस डेस्क। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने एक नया और स्मार्ट सर्विस कॉन्सेप्ट लॉन्च किया है, जिसका नाम 'क्विकस्टॉप' (Quickstop) है। इस पहल का मकसद है कि ग्राहक को कार सर्विस कराने के लिए अलग से टाइम निकालने की जरूरत न पड़े।
क्विकस्टॉप एक मॉडर्न सर्विस सेंटर है, जिसे कंटेनर के जरिए तैयार किया गया है। ये प्री-फैब्रिकेटेड यूनिट्स होती हैं, जिन्हें कम जगह और बहुत कम समय में सेट किया जा सकता है। इन यूनिट्स में व्हीकल की बेसिक सर्विसिंग और रिपेयर के लिए जरूरी टूल्स होते हैं।
ये सर्विस यूनिट्स किन जगहों पर लगाए जा रहे हैं
कंपनी ने इन क्विकस्टॉप यूनिट्स को ऐसी जगहों पर लगाया है, जहां वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है। जैसे- कॉर्पोरेट ऑफिस कैंपस, एयरपोर्ट के आसपास और फ्लीट ऑपरेटर हब।
मारुति सुजुकी के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO हिसाशी ताकेउची (Hisashi Takeuchi) ने कहा कि आजकल लोगों की लाइफ बहुत बिजी हो गई है। उनके पास पर्सनल कामों के लिए समय कम होता जा रहा है। इस जरूरत को समझते हुए क्विकस्टॉप बनाया गया है, ताकि कार की सर्विसिंग को लोगों की रोजमर्रा की लाइफ का हिस्सा बनाया जा सके। उन्होंने कहा, 'अब लोगों को सर्विस के लिए अलग से कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, बल्कि सर्विस खुद उनके पास आएगी।'

ऑफिस जाने वालों और फ्लीट ऑपरेटर के लिए कैसे फायदेमंद
ऑफिस जाने वाले लोग सुबह अपनी गाड़ी क्विकस्टॉप सेंटर पर छोड़ सकते हैं। शाम को काम खत्म होने के बाद सर्विस की हुई गाड़ी वापस ले सकते हैं। उससे उनका समय बचता है। वहीं, फ्लीट ऑपरेटर के लिए यह और भी फायदेमंद है। क्विटस्टॉप की मदद से गाड़ियों का डाउनटाइम कम होगा, जिससे उनकी कमाई पर असर नहीं पड़ेगा।
यह मॉडल कैसे काम करेगा
इस मॉडल में मारुति सुजुकी के डीलर पार्टनर्स इन क्विकस्टॉप यूनिट्स को सेटअप और ऑपरेट करते हैं। वहीं, जगह की सुविधा कॉर्पोरेट कंपनियां या फ्लीट ऑपरेटर देते हैं। इस वजह से यह मॉडल सस्ता और आसान बन जाता है।
क्विकस्टॉप यूनिट्स को इस तरह डिजाइन किया गया है यह पर्यावरण के लिए बेहतर साबित हो। इनमें पानी की बचत के लिए वाटरलेस कार वॉशिंग का इस्तेमाल किया जाता है। बैटरी से चलने वाले इक्विपमेंट्स लगाए गए हैं, जिससे पॉल्यूशन कम होता है।
फिलहाल कंपनी ने अपने पायलट प्रोजेक्ट के तहत 10 क्विकस्टॉप यूनिट्स शुरू किए हैं। ये यूनिट्स दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु और कोलकाता में लगाए गए हैं। इसके अलावा बागडोगरा, कालीकट और सूरत जैसे शहर भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
यह भी पढ़ें-

