मारुति सुजुकी इग्निस की बिक्री गिरी: प्रोडक्शन एक महीने से बंद, माइक्रो SUV सेगमेंट पर कंपनी का फोकस; टाटा पंच को टक्कर देने की तैयारी
Published:
3 min read

इग्निस की बिक्री गिरने के बाद बंद होने की खबर है। (फोटो सोर्स- मारुति सुजुकी)
बिजनेस डेस्क। मारुति सुजुकी ने अपनी हैचबैक 'मारुति सुजुकी इग्निस' (Maruti Suzuki Ignis) को भारत में बंद करने का फैसला लिया है। पिछले कुछ समय से कार की बिक्री गिर रही थी, जिस वजह से कंपनी ने यह कदम उठाया है।
Cartoq की रिपोर्ट के अनुसार, इग्निस का प्रोडक्शन पिछले एक महीने से बंद है। डीलर्स ने इसकी बुकिंग लेना भी बंद कर दिया है। हालांकि कंपनी की वेबसाइट पर अभी भी बुकिंग का ऑप्शन दिखाई दे रहा है। वहीं, इस पूरे मामले पर मारुति सुजुकी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
2017 में लॉन्च हुई, ऑटोमैटिक गियर ऑप्शन भी
इग्निस को साल 2017 में लॉन्च किया गया था। यह एक प्रीमियम अर्बन हैचबैक है, जिसे खासतौर पर शहरों में रहने वाले युवा कस्टमर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया था। इसकी कीमत 4.59 लाख से 7.80 लाख (एक्स-शोरूम, दिल्ली) के बीच थी। इसमें 1.2 लीटर पेट्रोल इंजन मिलता था। साथ ही ऑटोमैटिक गियर शिफ्ट का ऑप्शन भी दिया गया है।
GST के बाद सस्ती हुई, फिर भी नहीं बढ़ी बिक्री
GST लागू होने के बाद इग्निस की कीमत में करीब 71,000 रुपए तक की कमी आई थी, जिससे कंपनी को उम्मीद थी कि बिक्री बढ़ेगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसकी डिमांड घटती गई और सेल्स पर असर साफ दिखने लगा। फरवरी में इसकी बिक्री 50% तक गिरकर 1902 यूनिट रह गई, जबकि पिछले साल इसी महीने में 3780 यूनिट्स बिकी थीं।
मारुति की कुल बिक्री में बढ़ोतरी
इग्निस की बिक्री कमजोर रही, लेकिन कंपनी की बिक्री में अच्छी बढ़त देखने को मिली है। मार्च 2026 में मारुति सुजुकी की कुल बिक्री 16.72% बढ़कर 2,25,251 यूनिट हो गई, जो पिछले साल मार्च में 1,92,984 यूनिट थी। घरेलू पैसेंजर व्हीकल्स की बात करें तो मार्च में 1,66,219 यूनिट्स की बिक्री हुई, जो पिछले साल के 1,50,743 यूनिट्स से 10.27% ज्यादा है।
कॉम्पैक्ट और SUV सेगमेंट बना मजबूत सहारा
कंपनी के कॉम्पैक्ट सेगमेंट जैसे बलेनो, स्विफ्ट और वैगनआर ने 71,789 यूनिट्स की बिक्री दर्ज की, जो पिछले साल के 66,906 यूनिट्स से ज्यादा है। वहीं, SUV सेगमेंट में ब्रेजा, एर्टिगा, फ्रोंक्स, ग्रैंड विटारा, इनविक्टो और एक्सएल6 शामिल हैं। इनकी बिक्री 71,356 यूनिट्स पहुंच गई, जो पिछले साल 61,097 यूनिट्स थी।
लाइट कमर्शियल व्हीकल में मारुति सुजुकी सुपर कैरी की बिक्री 3209 यूनिट रही, जो पिछले साल 2391 यूनिट थी। फाइनेंशियल ईयर 2025-26 में कंपनी ने 24,22,713 यूनिट्स की बिक्री की, जो फाइनेंशियल ईयर 2025 के 22,34,266 यूनिट्स से ज्यादा है।
टाटा पंच जैसी माइक्रो SUV पर नजर
मार्केट ट्रेंड को देखते हुए कंपनी अब टाटा पंच जैसी माइक्रो SUV सेगमेंट पर फोकस कर सकती है। यह सेगमेंट तेजी से ग्रो कर रहा है और ग्राहकों की पसंद इसी तरफ बढ़ रही है। ऐसे में उम्मीद है कि मारुति सुजुकी भी इस सेगमेंट में नया मॉडल लॉन्च कर सकती है।
यह भी पढ़ें-
Petrol Diesel Price Today: पेट्रोल-डीजल के नए रेट जारी, देखें भोपाल से लेकर दिल्ली तक का भाव

