14.2 kg वाले सिलेंडर में गैस कम नहीं की जाएगी: सरकार ने मीडिया रिपोर्ट्स को खारिज किया, कहा- अफवाहों पर यकीन न करें
Published:
3 min read

दावा किया गया था कि सरकार 14kg वाले सिलेंडर में 10 किलोग्राम गैस देने पर विचार कर रही है।
नेशनल डेस्क. सोमवार को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आपके और हमारे घर में इस्तेमाल होने वाले 14.2 किलोग्राम वाले LPG सिलेंडर में अब 10kg गैस ही मिलेगी। कुछ घंटे बाद ही सरकार ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया। मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नैचुरल गैस (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरीज) में ज्वॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा- यह सिर्फ जबरदस्ती लगाए जा रहे कयास हैं। हम इस तरह की बातों या कयासों पर सफाई देने की कोई जरूरत नहीं है। हम फिर अपील करते हैं कि प्लीज, इस तरह की अफवाहों पर कतई ध्यान न दें।
ये सफाई क्यों देनी पड़ी
दरअसल, सोमवार दोपहर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि डोमेस्टिक LPG की खपत को कंट्रोल करने के लिए सरकार 14kg वाले सिलेंडर में 10 किलोग्राम देने पर विचार कर रही है। इसकी कीमत भी 10 किलोग्राम LPG के हिसाब से ही तय की जाएगी। इसका मतलब यह हुआ कि 14.2 किलोग्राम की बजाए अब 10 किलोग्राम LPG के ही पैसे देने होंगे। जब इन अफवाहों ने जोर पकड़ा तो सरकार की तरफ से सुजाता ने सफाई दी।
आपके लिए मायने क्या
सरकार की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद साफ हो गया कि 14.2 किलोग्राम का LPG सिलेंडर आगे भी इसी वजन और मात्रा का होगा। इसमें बदलाव या गैस कम करने का कोई प्लान नहीं है। साथ ही सरकार ने एक बार फिर आम नागरिकों से पहले की गई अपील भी दोहराई। कहा- हम फिर अपील करते हैं कि इस तरह की अफवाहों और कयासबाजी पर कतई ध्यान न दें।
इस तरह की बातें सामने क्यों आती हैं
मिडिल ईस्ट में जारी जंग को 3 हफ्ते से ज्यादा हो चुके हैं। इसके थमने के भी फिलहाल, कोई आसार नजर नहीं आते। हर देश पर अब गैस और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स की कमी का असर नजर आने लगा है। भारत भी इससे अछूता नहीं है।
कुछ सेक्टर्स से LPG की कमी की खबरें भी सामने आ रही हैं। कहा जा रहा है कि आने वाले कुछ दिन में LPG संकट बढ़ सकता है। यही वजह है कि कभी कमर्शियल गैस सिलेंडर तो कभी डोमेस्टिक यूज वाले LPG सिलेंडर को लेकर तमाम तरह की अफवाहें फैल रही हैं।
सरकार ने साफ कर दिया है कि फिलहाल, डोमेस्टिक यूज वाले LPG सिलेंडर को लेकर दिक्कत नहीं है। हालांकि, उसने यह भी सलाह दी है कि घबराकर बुकिंग यानी पैनिक बुकिंग से बचें।

