LPG को लेकर घबराएं नहीं: 2.5 दिन में मिल रहा घरेलू सिलेंडर, सरकार ने कहा- पैनिक बुकिंग की जरूरत नहीं
Published:
2 min read

फाइल फोटो
नेशनल डेस्क. पश्चिम एशिया में जारी तनाव और देश के कुछ हिस्सों से गैस सिलेंडर की किल्लत की खबरों के बीच केंद्र सरकार ने स्थिति साफ की है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा है कि देश में एलपीजी की सप्लाई सामान्य है और लोगों को घबराकर बुकिंग करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने उत्पादन बढ़ाने और वैकल्पिक स्रोतों से तेल खरीदने जैसे कदम भी उठाए हैं।
मंत्रालयों की जॉइंट प्रेस ब्रीफिंग में सरकार ने आश्वासन दिया कि LPG का पर्याप्त स्टॉक है और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर की औसत डिलीवरी साइकिल करीब 2.5 दिन है, इसलिए लोगों को पैनिक बुकिंग से बचना चाहिए। सरकार ने सप्लाई को स्थिर रखने के लिए उत्पादन बढ़ाया है। मंत्रालय के अनुसार, सरकारी उपायों के बाद LPG उत्पादन में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है, ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
हॉर्मुज रूट पर निर्भरता कम
सरकार ने यह भी कहा कि कच्चे तेल की सप्लाई को सुरक्षित रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मंत्रालय के मुताबिक भारत अब हॉर्मुज रूट के अलावा अन्य मार्गों से भी कच्चा तेल मंगा रहा है, जिससे उन सप्लाई की भरपाई हो गई है जो बाधित हुई थीं।
कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने इंटर-मिनिस्टेरियल ब्रीफिंग में कहा कि भारत के लिए कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित है और सरकार लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है।
सरकार ने उपभोक्ताओं पर बोझ कम किया
एलपीजी की कीमतों को लेकर भी सरकार ने कहा कि बढ़ती लागत का बड़ा हिस्सा सरकार खुद वहन कर रही है। सुजाता शर्मा के मुताबिक फिलहाल दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है, जिसमें हाल ही में 60 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अगर सरकार हस्तक्षेप नहीं करती तो बाजार में इसकी कीमत इससे भी ज्यादा हो सकती थी।

