US टैरिफ का असर: भारत ने अमेरिका के लिए पोस्टल सर्विस सस्पेंड की; 25 अगस्त से पार्सल पर रोक; सिर्फ 100 डॉलर तक के गिफ्ट भेजे जा सकेंगे
Published:
2 min read

भारत ने 25 अगस्त से अमेरिका के लिए डाक सेवाएं अस्थाई तौर पर सस्पेंड की हैं। (फाइल फोटो- PM मोदी और US राष्ट्रपति ट्रम्प)
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के टैरिफ के बीच भारत ने बड़ा फैसला लिया है। भारत सरकार ने अमेरिका के लिए डाक सेवाएं निलंबित कर दी हैं। भारत ने 25 अगस्त से अमेरिका के लिए डाक सेवाएं अस्थाई तौर पर सस्पेंड की हैं। ऐसा अमेरिकी सीमा शुल्क नियमों में बदलावों का हवाला देते हुए किया गया है, जो इस महीने के अंत में लागू होंगे।
डाक विभाग के आदेश के अनुसार, 29 अगस्त 2025 से 800 डॉलर तक के सामान पर मिलने वाली छूट अमेरिका ने वापस ले ली जाएगी। अब अमेरिका भेजे जाने वाले सभी डाक वस्तुओं पर सीमा शुल्क लगेगा। सामान की कीमत चाहें जितनी भी हो, संबंधित देश के इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर एक्ट (IEEPA) के तहत बॉर्डर शुल्क लगेगा। हालांकि, 100 USD तक के गिफ्ट पर कोई चार्ज नहीं लगेगा।
100 डॉलर से कम के गिफ्ट भेजे जा सकेंगे
अमेरिका के फैसले के चलते डाक विभाग ने 25 अगस्त, 2025 से अमेरिका जाने वाली सभी प्रकार की डाक वस्तुओं की बुकिंग अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दी हैं। सिर्फ ऐसे लेटर और गिफ्ट भेजे जा सकेंगे, जिनकी कीमत 100 अमेरिकी डॉलर तक है। इन चीजों को अमेरिकी कस्टम्स एंड बॉर्डर प्रोटेक्शन और यूएस पोस्टल सर्विस से क्लेरिफिकेशन मिलने के बाद भेजा जाना जारी रखा जाएगा।
भारतीय पोस्टल विभाग सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ संपर्क में है और स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और सेवाओं को सामान्य बनाने की कोशिश में जुटा है।
पोस्टल विभाग ने साफ किया है, जिन लोगों ने पहले से बुकिंग कर रखी है, अब उनके सामान को अमेरिका नहीं भेजा जा सकता, ऐसे में वे डाक शुल्क वापसी के लिए आवेदन दे सकते हैं। पोस्टल विभाग ने ग्राहकों से दुख जताया है और आश्वासन दिया है कि अमेरिका के लिए सभी सेवाएं जल्द बहाल करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है।

