फेरारी की पहली EV कार 'Luce' का इंटीरियर रिवील: क्लासिक स्टीयरिंग, हेलीकॉप्टर स्टाइल लॉन्च कंट्रोल; मई 2026 में होगी लॉन्च
Published:
3 min read

Ferrari Luce का स्टीयरिंग व्हील का डिजाइन 1950 से 1960 दशक की फेरारी कारों से इंस्पायर्ड है। (फोटो सोर्स- फेरारी)
बिजनेस डेस्क। फेरारी ने अपनी पहली इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार का नाम 'फेरारी लूसे' (Ferrari Luce) रखा है। यह ऐलान 9 फरवरी 2026 को सैन फ्रांसिस्को में हुए एक खास इवेंट में किया गया। इस स्पेशल इवेंट में कंपनी ने कार के इंटीरियर और डिजिटल इंटरफेस का फर्स्ट लुक भी दिखाया। Ferrari Luce सिर्फ एक नई गाड़ी नहीं है, बल्कि यह फेरारी के लिए एक नए दौर की शुरुआत है। यह मॉडल बताता है कि कंपनी अपनी पहचान और स्टाइल को छोड़े बिना EV एरा में कदम रख चुकी है।
लवफ्रोम के साथ रेट्रो-मॉडर्न इंटीरियर तैयार
Ferrari Luce के केबिन डिजाइन को लवफ्रोम (LoveFrom) कंपनी के साथ मिलकर तैयार किया गया है। इस कार का इंटीरियर पूरी तरह मॉडर्न होते हुए भी रेट्रो लुक देता है। Luce में फिजिकल नॉब्स, बटन और स्विच मिलते हैं, जिन्हें टच और घुमाकर कंट्रोल किया जा सकता है। कंपनी का कहना है कि ड्राइविंग का मजा तब आता है, तब ड्राइवर कार से जुड़ाव महसूस करें। इसलिए टचस्क्रीन पर डिपेंड रहने के बजाय ट्रेडिशनल कंट्रोल्स को वापस लाया गया है।
क्लासिक थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील
इस कार की सबसे खास विशेषता में से एक स्टीयरिंग व्हील है। इसका डिजाइन 1950 से 1960 दशक की फेरारी कारों से इंस्पायर्ड है, जिनमें लकड़ी वाला तीन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील होता था। हालांकि Luce में इसे रीसाइकल्ड एल्युमिनियम अलॉय से बनाया गया है, जिससे यह हल्का भी है और प्रीमियम फील देता है।
स्टीयरिंग व्हील पर कंट्रोल पॉड्स दिए गए हैं, जिनमें एविएशन स्टाइल रोटरी स्विच लगे हैं। इनमें ड्राइवर रेंज, टूर और परफॉर्मेंस जैसे ड्राइविंग मोड चुन सकता है। राइट साइड में रेड कलर का मैनटिनो डायल दिया गया है। इससे आइस, वेट, ड्राई, स्पोर्ट और ईएससी ऑफ जैसे चेसिस सेटिंग बदल सकते हैं।
12.5 इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर
Ferrari Luce में 12.5 इंच का इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जो स्टीयरिंग कॉलम पर लगा है। इसका डिजाइन एविएशन से इंस्पायर्ड है। इसमें सैमसंग की OLED डिस्प्ले टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। बीच में एक सेंट्रल डायर है, जिसमें फिजिकल नीडल और डिजिटल स्पीड रीडआउट मिलते हैं।
इसके अलावा स्क्रीन पर बैटरी स्टेटस, पावर रीजेनरेशन, टायर प्रेशर और G-फोक्स जैसी जानकारियां दिखाई देंगी। टॉप OLED लेयर जरूरत पड़ने पर वॉर्निंग, नेविगेशन अलर्ट और ड्राइविंग असिस्ट सिग्नल दिखा सकती है।
हेलीकॉप्टर स्टाइल लॉन्च कंट्रोल सिस्टम
Ferrari Luce में यूनिक लॉन्च कंट्रोल सिस्टम दिया गया है। इसे एक्टिवेट करने के लिए ड्राइवर को अपने सिर के ऊपर लगे एक ग्रिप को खींचना होगा। यह डिजाइन हेलीकॉप्टर कंट्रोल की तरह है, जो इसे और भी स्पेशल बनाता है। इसके आसपास दिए गए स्विच एक्सटीरियर लाइटिंग को कंट्रोल करते हैं। यह फीचर दिखाता है कि कंपनी ने अपनी ईवी कार को भी उतना ही एक्साइटिंग बनाने की कोशिश की है, जितनी उसकी पेट्रोल सुपरकार्स होती हैं।
प्रैक्टिकल फीचर्स का ज्यादा फोकस
फेरारी एक स्पोर्ट्स कार ब्रांड है। फिर भी Luce में प्रैक्टिकल फीचर्स का ध्यान रखा गया है। सेंटर कंसोल में कप होल्डर्स दिए गए हैं। बूट खोलने और कार लॉक करने के लिए फिजिकल बटन है। चारों विंडो के लिए अलग स्विच दिए गए हैं।
वहीं, पीछे बैठने वालों के लिए अलग टचस्क्रीन दी गई है। इस स्क्रीन पर स्पीड, लैप टाइम और ड्राइविंग से जुड़ी जानकारी दिखाई देती है। पहले इस कार को 'Elettrica' नाम से जाना जा रहा था। अब ऑफिशियल तौर पर इसका नाम 'Luce' रखा गया है। यह कार मई 2026 में पूरी तरह रिवील होगी।

