BMW F 450 GS भारत में लॉन्च: ट्विन-सिलेंडर इंजन, 165km/h टॉप स्पीड, 4 राइडिंग मोड्स का सपोर्ट; कीमत 4.70 लाख
Published:
3 min read

BMW F 450 GS में 6-स्पीड गियरबॉक्स है। बाइक में 6.5 इंच का टीएफटी डिस्प्ले दिया गया है। (फोटो सोर्स- BMW Motorrad)
बिजनेस डेस्क। बीएमडब्ल्यू मोटरराड (BMW Motorrad) ने भारत में अपनी नई बाइक 'BMW F 450 GS' को लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 4.70 लाख रुपए है। यह BMW की GS एडवेंचर सीरीज में एक नई एंट्री है। बाइक शहर की सड़कों से लेकर खराब रास्तों और ऑफ-रोडिंग तक हर तरह के इस्तेमाल के लिए बनाई गई है।
डिजाइन और लुक
BMW F 450 GS का डिजाइन पहली नजर में ही एडवेंचर बाइक जैसा फील देता है। इसमें कंपनी की GS सीरीज वाला क्लासिक लुक देखने को मिलता है। आगे की तरफ 'X' शेप का फुल LED हेडलाइट दिया गया है, जो इसे मॉडर्न और अग्रेसिव लुक देता है।
बाइक का बीक स्टाइल फ्रंट और स्मूद बॉडी पैनल इसे स्ट्रांग और प्रीमियम बनाते हैं। इसका 14 लीटर का फ्यूल टैंक इस तरह डिजाइन किया गया है कि राइडर बैठकर आराम से चला सके और खड़े होकर ऑफ-रोडिंग आसानी से कर सके।

इंजन और परफॉर्मेंस
BMW F 450 GS में ट्विन-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जिसे कंपनी ने टीवीएस मोटर कंपनी के साथ मिलकर बनाया है। यह इंजन 8750 rpm पर 48 hp की पावर और 6750 rpm पर 43 Nm का टॉर्क देता है। इसके साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिलता है
बाइक में 135-डिग्री क्रैंकशाफ्ट ऑफसेट दिया गया है, जो इंजन को स्मूद और एग्जॉस्ट साउंड को बेहतर करता है। इसकी टॉप स्पीड 165 किमी/घंटा है। साथ ही शिफ्ट असिस्टेंट प्रो दिया गया है, जिससे बिना क्लच दबाए गियर बदले जा सकते हैं। ईजी राइडर क्लच (ERC) फीचर कम स्पीड पर बाइक को आसानी से कंट्रोल करने में मदद करता है।
सस्पेंशन और बिल्ड क्वालिटी
BMW F 450 GS को ट्यूबलर स्टील फ्रेम पर बनाया गया है, जो इसे मजबूत होने के साथ हल्का भी रखता है। सस्पेंशन की बात करें तो फ्रंट में अपसाइड डाउन फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन दिया गया है। जिसमें प्रीलोड और रिबाउंड एडजस्टमेंट का ऑप्शन मिलता है।
ब्रेकिंग के लिए आगे सिंगल डिस्क और 4-पिस्टन कैलिपर दिया गया है और पीछे भी डिस्क ब्रेक मिलता है। इसमें ABS Pro का सपोर्ट है, जिससे तेज स्पीड में ब्रेकिंग सेफ रहती है। BMW F 450 GS में आगे 19 इंच और पीछे 17 इंच के व्हील दिए गए हैं। इसकी सीट हाइट 845 mm, व्हीलबेस 1466 mm, ग्राउंड क्लीयरेंस 220 mm और वजन 178 किग्रा है।

फीचर्स और टेक्नोलॉजी
बाइक में 6.5 इंच का TFT डिस्प्ले है, जिसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और मल्टी-कंट्रोलर सपोर्ट दिया गया है। इसमें चार राइडिंग मोड- रेन, रोड, एंड्यूरो और एंड्यूरो प्रो मिलते हैं। इनकी मदद से अलग-अलग रास्तों और वेदर के हिसाब से बाइक की परफॉर्मेंस सेट कर सकते हैं।
इसके अलावा ट्रैक्शन कंट्रोल, इंजन ड्रैग टॉर्क, डायनामिक ब्रेक कंट्रोल और हीटेड ग्रिप्स जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं। GS ट्रॉफी वेरिएंट में स्पोर्ट सस्पेंशन और एक्स्ट्रा ऑफ-रोड फीचर्स दिए गए हैं।
वेरिएंट और कीमत
BMW F 450 GS को तीन वेरिएंट में लॉन्च किया गया है- बेस, एक्सक्लूसिव और जीएस ट्रॉफी।
बेस वेरिएंट की कीमत 4.70 लाख, एक्सक्लूसिव वेरिएंट 4.90 लाख और जीएस ट्रॉफी वेरिएंट की कीमत 5.30 लाख (एक्स-शोरूम) है।
यह भी पढ़ें-

