Bajaj Auto की बड़ी तैयारी: सितंबर तक लॉन्च करेगा 12 नए मॉडल, 2 पल्सर भी लाने का प्लान
Published:
4 min read

AI जनरेटेड इमेज
ऑटो डेस्क। बजाज ऑटो (Bajaj Auto) सितंबर तक 12 मॉडल (10 फेसलिफ्ट और दो नई पल्सर) लॉन्च करने का प्लान बना रही है। इसके साथ ही इस साल के बाद 125cc सेगमेंट में 2 नए ब्रांड भी लॉन्च किए जाएंगे। कंपनी 150cc-प्लस कैटेगरी में अपनी बढ़त को मजबूत करना चाहती है और मास मोटरसाइकिल मार्केट में अपनी पहुंच बढ़ाना चाहती है।
10 फेसलिफ्ट के साथ 2 पल्सर लॉन्च होंगी
जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश शर्मा ने कहा कि कंपनी 160cc से 400cc रेंज में 10 फेसलिफ्ट के साथ एक नई 150cc पल्सर लॉन्च करेगी। इसके बाद एक और नई 125cc पल्सर लॉन्च करेगी। शर्मा ने कहा, “हमारा मकसद अगले 6 हफ्तों में पोर्टफोलियो में हुए बदलाव को पूरा करना है।” उन्होंने यह भी कहा कि मार्केट रिस्पॉन्स की जानकारी अक्टूबर में कंपनी की अगली अर्निंग्स कॉल में दी जाएगी।
बजाज ऑटो सिर्फ पल्सर (Pulsar) रेंज को अपडेट ही नहीं करेगी। बल्कि इस साल के दौरान 125cc सेगमेंट में दो नए ब्रांड लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राकेश शर्मा ने इनके लॉन्च होने की सटीक समय-सीमा नहीं बताई है।
पल्सर से अलग होंगे दोनों ब्रांड
राकेश शर्मा ने कहा कि ये दोनों नए ब्रांड पल्सर से पूरी तरह अलग पहचान और पोजिशनिंग के साथ आएंगे। उन्होंने कहा, “इन ब्रांड्स की पोजिशनिंग पल्सर से अलग होगी। कंपनी 125cc सेगमेंट में दो अलग-अलग ब्रांड पेश करेगी।” हालांकि, उन्होंने इन नए मॉडल्स के बारे में ज्यादा जानकारी साझा नहीं की।
उन्होंने यह भी बताया कि कंपनी की स्ट्रैटजी 100cc सेगमेंट के कस्टमर को 125cc सेगमेंट की ओर लाने की है। शर्मा ने कहा कि कंपनी सिर्फ कीमत के आधार पर 100cc सेगमेंट में मुकाबला करने के बजाय, जरूरत पड़ने पर उस सेगमेंट में अपनी हिस्सेदारी कम होने देने के लिए भी तैयार है।
शर्मा ने कहा, 150cc-प्लस रेंज में नई N और NS सीरीज को नवंबर में लॉन्च करने के बाद अच्छा रिसपॉन्स मिला। इस सेगमेंट की कुल बिक्री में इन दोनों मॉडलों की हिस्सेदारी लगभग 60% रही।
KTM की वापसी पटरी पर
बजाज ऑटो के चीफ़ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) दिनेश थापर ने कहा कि केटीएम (KTM) का बिजनेस फिर से रफ्तार पकड़ रहा है और कंपनी की रिकवरी प्लान सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले साल रीस्ट्रक्चरिंग (Restructuring) की वजह से प्रोडक्शन पर असर पड़ा था, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो रही है।
दिनेश थापर ने कहा, “डीलरशिप और प्लांट में स्टॉक को बैलेंस लेवल पर लाने का प्लान लगभग पूरा हो चुका है। अब इन्वेंट्री बैलेंस लेवल पर स्टेबल हो गई है।” उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान भारत से KTM मोटरसाइकिलों के एक्सपोर्ट में भी मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली है। इस क्वार्टर में भारत से KTM का एक्सपोर्ट 20% से ज्यादा बढ़ा है।
राकेश शर्मा ने कहा कि, आने वाले समय में KTM के ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क में भारत की भूमिका (Role) और मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि लागत के लिहाज से भारत की कॉम्पिटिटिवनेस (Competitiveness) और बजाज ऑटो और KTM के बीच पहले से मौजूद रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) कोलैबरेशन (Collaboration) इसके बढ़ने की बड़ी वजह हैं। उन्होंने कहा, “आने वाले समय में KTM के लिए बड़े लेवल पर मैन्युफैक्चरिंग भारत में की जाएगी।”
ट्रायम्फ के एक्सपोर्ट में हुई बढ़ोतरी
कंपनी ने बताया कि इस क्वार्टर में भारत से ट्रायम्फ के एक्सपोर्ट में सालाना आधार पर 40% की बढ़ोतरी हुई है। हाल ही में लॉन्च हुई फ्लैट-ट्रैक रेसिंग स्टाइल 'ट्रैकर 400' ने घरेलू बिक्री को बढ़ाने में मदद की। कंपनी का कहना है कि अब KTM की एडवेंचर रेंज और ट्रायम्फ की स्क्रैम्बलर मिलकर भारत में एडवेंचर मोटरसाइकिल कैटेगरी में सबसे आगे हैं। KTM-ट्रायम्फ के जॉइंट स्टोर का नेटवर्क बढ़कर लगभग 90 आउटलेट तक पहुंच गया है और अब ट्रायम्फ के कुल टच पॉइंट्स 210-215 के आस-पास हो गए हैं।
Tesla ने बच्चों के लिए लॉन्च की प्रीमियम Balance Bike: बिना पैडल और चेन के चलेगी, कीमत 21,000 रुपए

