अफगानिस्तान लीग खेलेंगे आमिर: UK की नागरिकता से IPL ऑक्शन में उतरने की चर्चाएं, PAK से 159 इंटरनेशनल मैच खेल चुके
Published: Updated:
3 min read

आमिर ने पाकिस्तान के लिए कम उम्र में डेब्यू किया था। उन्होंने 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 T20I खेले। उनके नाम कुल 271 इंटरनेशनल विकेट हैं। (फोटो- ANI)
स्पोर्ट्स डेस्क. पाकिस्तान क्रिकेट टीम के लिए 159 इंटरनेशनल मैच खेल चुके पूर्व पेसर मोहम्मद आमिर को लेकर एक खबर आ रही है। आमिर ने कुछ समय पहले ही ब्रिटेन (UK) की नागरिकता ली थी। अब उन्होंने इसी नागरिकता के साथ अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (APL) ड्राफ्ट के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है।
दरअसल, अफगानिस्तानी लीग के लिए ड्राफ्ट मंगलवार (3 नवंबर) को दुबई में होने हैं। आमिर के रजिस्ट्रेशन के बाद से मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि अब आमिर UK की नागरिकता के साथ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के ऑक्शन में भी उतर सकते हैं। हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं है।
ये भी पढ़ें: न्यूजीलैंड में सिर्फ दो ODI सीरीज जीती इंडिया: अब 19वीं सीरीज का पहला मैच 4 को, गिल तीन मैच में कप्तानी करेंगे
दो पूर्व भारतीय प्लेयर्स का भी रजिस्ट्रेशन
अफगानिस्तान लीग 2026 सीजन 27 दिसंबर से UAE में खेली जाएगी। इसके ड्राफ्ट के लिए पूर्व भारतीय फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर विजय शंकर और पूर्व भारतीय विकेटकीपर केएस भरत ने भी रजिस्ट्रेशन करवाया है। यह दोनों IPL समेत इंटरनेशनल क्रिकेट से भी रिटायरमेंट ले चुके हैं।

पत्नी के जरिए UK की नागरिकता मिली
हाल ही में आमिर ने क्रिकेट पत्रकार मुहम्मद फरहान भट्टी से बातचीत में कहा था कि अब वह ब्रिटिश लोकल हैं। काउंटी चैंपियनशिप और द हंड्रेड में लोकल प्लेयर के तौर पर खेलने के लिए पेपर प्रोसेस पूरी करनी होती है। इसके तहत प्लेयर को यह बताना होता है कि वह किसी दूसरे देश का प्रतिनिधित्व नहीं करेगा।
आमिर ने दिसंबर 2020 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लिया था। इसके बाद उन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप से पहले वापसी की। लेकिन यह वापसी भी ज्यादा लंबी नहीं चली। 2024 के आखिर में आमिर ने एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया।

इंटरनेशनल कॅरियर
आमिर ने पाकिस्तान के लिए कम उम्र में डेब्यू किया था। उन्होंने 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 T20I खेले। उनके नाम कुल 271 इंटरनेशनल विकेट हैं। टेस्ट में उन्होंने 119 विकेट लिए। वनडे में 81 और T20I में 71 विकेट उनके नाम हैं।
2017 चैंपियंस ट्रॉफी में परफॉर्मेंस
आमिर के कॅरियर की अच्छी परफॉर्मेंस 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में आई थी। भारत के खिलाफ फाइनल में उन्होंने रोहित शर्मा, शिखर धवन और विराट कोहली को आउट किया था। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में भी आमिर पाकिस्तान के सबसे सफल बॉलर रहे। उन्होंने टूर्नामेंट में 17 विकेट लिए थे।
ये भी पढ़ें: ODI सीरीज से न्यूजीलैंड के 2 प्लेयर बाहर: रचिन और चैपमैन चोटिल, 4 प्लेयर टीम में शामिल; पहला मैच 4 नवंबर को

