UPSSSC लोअर सबऑर्डिनेट परीक्षा में ब्लूटूथ से चीटिंग: आरोपी STF की गिरफ्त में; 10 लाख में नकल की डील हुई थी
Published:
2 min read

एजुकेशन डेस्क. उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने UPSSSC लोअर सबऑर्डिनेट सर्विसेज मेन एग्जाम में ब्लूटूथ डिवाइस से चीटिंग कर रहे एक कैंडिडेट को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बृजेश यादव के रूप में हुई है।
इसे लखनऊ में स्थित दयानंद कन्या इंटर कॉलेज में परीक्षा देते समय पकड़ा गया है। STF के मुताबिक पूछताछ में यादव ने बताया कि प्रयागराज निवासी रमेश चंद्र पटेल ने उसे एक खास तरह की वेस्ट (बनियान) दी थी। इसी के साथ उसे ब्लूटूथ डिवाइस भी दिया गया था और उससे लगातार संपर्क बनाए रखा था। इसी के साथ इन सभी चीजों के लिए रमेश ने उससे 10 लाख रुपए लिए थे।

रमेश पटेल दूसरे कैंडिडेट्स की भी मदद करता था
STF के मुताबिक रमेश पहले भी कई कैंडिडेट्स की परीक्षाओं में ब्लूटूथ डिवाइस के जरिए मदद करता था। बृजेश यादव की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद STF ने अब पटेल की तलाश और गिरफ्तारी करने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। उसकी तलाश के लिए एक टीम तैनात की गई है।
साथ ही, परीक्षा में नकल कराने वाले इस कथित बड़े नेटवर्क में पटेल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारी अब नकल की कोशिश से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में बाकी कितने कैंडिडेट्स और व्यक्ति शामिल थे।

