त्रिपुरा DGP अनुराग ढांकर की मौत: चैंबर में फंदे से लटका मिला शव; शुरुआती जांच में सुसाइड की आशंका
Published:
2 min read

त्रिपुरा के DGP अनुराग ढांकर अगरतला स्थित पुलिस मुख्यालय के अपने ऑफिस में मृत मिले। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वजह साफ होगी।
नेशनल डेस्क। त्रिपुरा के पुलिस महानिदेशक (DGP) अनुराग ढांकर सोमवार को अगरतला में पुलिस हेडक्वार्टर के अपने ऑफिस चैंबर में मृत मिले। शुरुआती जानकारी के मुताबिक उनका शव फंदे से लटका मिला। उन्हें तुरंत गोविंद बल्लभ पंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब 48 मिनट तक CPR देकर बचाने की कोशिश की, लेकिन दोपहर 12:48 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
मेडिकल टीम ने 48 मिनट तक CPR दिया
मुख्यमंत्री के सचिव किरण गित्ते ने कहा कि मामले की जांच जारी है और मौत की वजह पर अभी ऑफिशयली कुछ नहीं कहा जा सकता। अस्पताल के सीनियर डॉक्टर प्रदीप भौमिक ने बताया कि अनुराग ढांकर को जब अस्पताल लाया गया, तब उनके शरीर में लाइफ होने के कोई इंडिकेशन नहीं थे। न पल्स थी, न ब्लड प्रेशर और न ही शरीर में टेम्परेचर था। इसके बावजूद मेडिकल टीम ने लगातार 48 मिनट तक CPR किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पता चलेगी
डॉक्टरों ने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि उस समय मेडिकल टीम की पहली प्राथमिकता मरीज को बचाना थी। इसलिए शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान या फंदे के स्पष्ट निशान की पुष्टि मौके पर नहीं की गई। इन सभी पहलुओं की जांच अब पोस्टमॉर्टम में होगी।
पुलिस की ओर से ऑफिशियल स्टेटमेंट नहीं
घटना की जानकारी मिलते ही कई सीनियर पुलिस अफसर पुलिस हेडक्वार्टर पहुंचे। पूरे ऑफिस कैंपस को सील कर दिया गया और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने मौके से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना किन हालातों में हुई और इसके पीछे कोई दूसरा एंगल तो नहीं है। पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी नहीं किया है। जांच एजेंसियां CCTV फुटेज और दूसरे सबूतों की जांच कर रही हैं।

