NEET पेपर लीक मामले में CBI की चार्जशीट: तीन एक्सपर्ट्स ने सवाल याद किए, चिट्स बनाईं, फिर स्टूडेंट्स को पढ़ाया
Published:
2 min read

एजुकेशन डेस्क. NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) की चार्जशीट में कई चौकाने वाले खुलासे हुए हैं। चार्जशीट के मुताबिक आरोपी क्वेश्चन को याद करते थे और फिर उन्हें छोटी-छोटी चिट्स पर लिख देते थे। यही आरोपियों का पेपर लीक करने का मुख्य तरीका था।
NDTV की रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम में शामिल तीन सब्जेक्ट्स एक्सपर्ट ने क्वेश्चन पेपर लीक किया था, जिन्हें NEET-UG 2026 का पेपर तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई थी। NTA के सब्जेक्ट एक्सपर्ट क्वेश्चन को याद करके चीट्स में लिखते थे। वहीं बाकी के दो एक्सपर्ट इन क्वेश्चन को याद करके होटल वापस जाने के बाद लिख लिया करते थे या फिर NCERT की किताबों में संबंधित पैराग्राफ पर निशान लगा देते थे।
ये तीन एक्सपर्ट्स है मेन सोर्स
CBI ने अपनी चार्जशीट में पी.वी. कुलकर्णी, मनीषा मंधारे और मनीषा हवालदार को पेपर लीक का मेन सोर्स बताया है।
- पी.वी. कुलकर्णी केमिस्ट्री के सब्जेक्ट एक्सपर्ट थे।
- मनीषा मंधारे बॉटनी की एक्सपर्ट थी।
- मनीषा हवालदार फिजिक्स की सब्जेक्ट एक्सपर्ट थी।
ये तीनों उन 13 आरोपियों में शामिल हैं, जिन्हें CBI ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल किया है। CBI की जांच में यह भी सामने आया है कि मंधारे ने अपने पुणे स्थित घर पर छात्रों के लिए स्पेशल कोचिंग क्लास भी कंडक्ट की थीं, जहां पर लीक किए गए क्वेश्चन के आधार पर तैयारी कराई जाती थी।
पेपर सेटिंग हॉल की CCTV रिकॉर्डिंग भी गायब
CBI की चार्जशीट के मुताबिक मनीषा संजय हवालदार, जिन्हें फिजिक्स सब्जेक्ट के बैक ट्रांसलेशन और तीन सेटों की प्रूफरीडिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, वो क्वेश्चन को नोट कर लेती थीं। जांच एजेंसी ने यह भी पाया कि NTA के 'कॉन्फिडेंशियल सेक्शन' में एंट्री करने और बाहर निकलने के दौरान सब्जेक्ट्स एक्सपर्ट की तलाशी नहीं ली जाती थी।
CBI के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में यह बड़ी चूक थी, जिसके कारण क्वेश्चन बाहर ले जाना संभव हुआ। इसके अलावा, CBI ने 12 मई 2026 को मामला दर्ज करने के बाद जांच में पाया कि NTA ऑफिस के CCTV कैमरों की केवल 20 से 25 दिनों की फुटेज ही उपलब्ध थी। इससे पुरानी रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं होने के कारण जांच में भी दिक्कतें आईं।

