बिहार में मिड-डे मील खाकर 24 बच्चे बीमार: खाने में नमक की जगह गलती से डिटर्जेंट डाला; पेट दर्द-उल्टियां होने के बाद अस्पताल में भर्ती
Published:
2 min read

यह मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के पैंगरी गांव स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय का है।
एजुकेशन डेस्क. बिहार के नालंदा के एक स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 24 स्टूडेंट्स की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक खाने में नमक की जगह गलती से डिटर्जेंट पाउडर डाल दिया गया था।
पेट दर्द और उल्टियां कर रहे थे बच्चे
यह मामला दीपनगर थाना क्षेत्र के पैंगरी गांव स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय का है। दरअसल यहां पर मिड-डे मिल खाने के बाद सभी बच्चों को पेट में दर्द, उल्टी और चक्कर आने लगे थे, जिसके बाद उन्हें शरीफ सदर अस्पताल ले जाया गया। बता दें कि इन बच्चों की उम्र 6 से 12 साल है।

डॉक्टरों ने क्या कहा
बिहार शरीफ सदर अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, बच्चों में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई दिए। हालांकि उनका इलाज जारी है। इसी के साथ बच्चों के IV फ्लूड और उल्टी रोकने की दवाएं भी दी जा रही हैं। कई बच्चे अभी डॉक्टरों की निगरानी में हैं। डॉक्टरों का कहना है कि ज्यादातर बच्चों की हालत अब गंभीर नहीं है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी गुस्सा है। लोगों ने स्कूल प्रशासन और मिड-डे मील की व्यवस्था संभालने वालों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खाने की सामग्री को सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था।
मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि स्कूल में खाना बनाने और सामान रखने की व्यवस्था की पूरी जांच की जाएगी। जांच के बाद दोषी कुक और स्कूल प्रशासन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें....बाल्टी भर पानी में 1 लीटर दूध मिलाकर बच्चों को परोसा: UP के सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल; मिड-डे मील इंचार्ज सस्पेंड

