अर्शदीप सिंह डांग ने ब्रिटेन रॉयल एयरफोर्स के पायलट की ट्रेनिंग पूरी की: सेकंड वर्ल्ड वॉर के बाद ऐसा करने वाले पहले सिख; मां को बताया सपोर्ट सिस्टम
Published:
2 min read

एजुकेशन डेस्क. चंडीगढ़ में जन्मे फ्लाइट लेफ्टिनेंट अर्शदीप सिंह डांग ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स (RAF) से फाइटर पायलट की ट्रेनिंग पूरी करने वाले पहले सिख बन गए हैं। 28 साल के अर्शदीप को 14 अगस्त को फाइटर पायलट के तौर पर फाइटर विंग्स दिया गया। हालांकि इससे पहले सेकंड वर्ल्ड वॉर के दौर में एक सिख ने ब्रिटिश फाइटर स्क्वाड्रन में सर्विस देने के लिए ट्रेनिंग पूरी की थी।
मां गगनदीप कौर को बताया सपोर्ट सिस्टम
बता दें कि अर्शदीप का जन्म 1998 में चंडीगढ़ में हुआ था। हालांकि 6 साल की उम्र में ही उनका परिवार ब्रिटेन में शिफ्ट हो गया था। पायलट की ट्रेनिंग पूरी करने को लेकर बात करते हुए अर्शदीप ने कहा कि उनके दादा सरदार संतोख सिंह डांग चाहते थे कि उनके बेटे पायलट बनें, लेकिन कुछ परिस्थितियों के चलते उनका यह सपना पूरा नहीं हो सका उनके पेरेंट्स ने हमेशा उन्हें पायलट बनने के अपने सपने को पूरा करने के लिए मोटिवेट किया। उन्होंने खास तौर पर अपनी मां गगनदीप कौर को ट्रेनिंग के दौरान अपने सबसे बड़े सपोर्ट सिस्टम के तौर पर याद किया।

अर्शदीप ने 2022 में ऑफिसर की ट्रेनिंग पूरी की
रिपोर्ट्स के मुताबिक अर्शदीप ने यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टोल (University Of Bristol) से मैथ्स और फिलॉसफी की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद उन्होंने BSc (Hons) की डिग्री हासिल की और बाद में RAF में अपने करियर की शुरुआत की। अर्शदीप ने फरवरी 2022 में ऑफिसर ट्रेनिंग पूरी की। 2023 में उन्होंने शुरुआती फ्लाइंग ट्रेनिंग भी पूरी कर ली। 2024 में उन्हें फास्ट जेट स्ट्रीम के लिए सिलेक्ट किया गया था।
2025 के दौरान उन्होंने अपनी एडवांस ट्रेनिंग जारी रखी, जिसमें फास्ट-जेट उड़ाने की शुरुआती और बेसिक ट्रेनिंग शामिल थी। उन्होंने टेक्सास में सोलो फ्लाइंग भी पूरी की। इसके बाद जुलाई 2026 में उन्होंने फाइनल फाइटर विंग्स टेस्ट पास किया, जिसके साथ उनकी ट्रेनिंग पूरी हुई। हालांकि अब अर्शदीप सिंह एक साल की एडवांस ऑपरेशनल ट्रेनिंग करेंगे। इसके बाद वह फ्रंटलाइन फाइटर एयरक्राफ्ट उड़ाने के लिए तैयार हो जाएंगे।

