आकाशवाणी में धरने को लेकर FIR: दिल्ली पुलिस ने कहा- बिना मंजूरी घुसे थे राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसद; EC का दावा- मिलने के लिए समय नहीं मांगा
Published:
3 min read

राहुल के नेतृत्व में विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग तक मार्च निकाला था, इस दौरान विपक्षी सांसद आकाशवाणी में धरने पर बैठ गए थे।
नेशनल डेस्क. दिल्ली पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर FIR दर्ज कर ली है। दरअसल, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम विपक्षी सांसदों ने मंगलवार को चुनाव आयोग तक मार्च निकाला था। लेकिन बैरिकेडिंग होने की वजह विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन में ही धरने पर बैठ गए थे।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के बाद से विपक्ष लगातार ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। INDIA गठबंधन में शामिल पार्टियों ने इसी मांग को लेकर मंगलवार को दिल्ली में चुनाव आयोग दफ्तर तक मार्च निकाला था। मंगलवार देर रात पुलिस ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा को आकाशवाणी भवन से कुछ समय के लिए हिरासत में लिया था।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन
विपक्ष के अलावा स्टूडेंट संगठन और एक्टिविस्ट भी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। उधर, चुनाव आयोग ने मंगलवार को बताया कि किसी भी राजनीतिक पार्टी ने मंगलवार शाम 4 बजे तक मिलने के लिए अपॉइंटमेंट नहीं मांगा था। EC के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने शाम करीब 4 बजे उन्हें जानकारी दी कि विपक्ष के सांसद उनसे मिलकर ज्ञापन सौंपना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: राहुल-प्रियंका का आकाशवाणी भवन में धरना: निर्वाचन सदन जाने पर अड़े, कहा- मोदी और शाह नहीं बचेंगे; दिनभर क्या-कुछ हुआ
ये भी पढ़ें: मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आदेश नहीं दे सकते: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ याचिका पर अंतरिम आदेश पारित करने से SC का इनकार
अनाधिकृत तरीके से घुसने को लेकर FIR
दिल्ली पुलिस ने बुधवार को कांग्रेस सांसदों राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और इंडिया ब्लॉक के अन्य सांसदों के खिलाफ मंगलवार को भारतीय चुनाव आयोग के विरोध प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन परिसर में बिना अनुमति के प्रवेश करने के आरोप में FIR दर्ज की है। ANI ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि विपक्ष ने मार्च के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी थी।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में SIR का क्या: दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर DMK का तंज; कहा- CM विजय के बोलने से डर लगता है

CJP ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर 2.O का ऐलान किया
उधर, कॉकरोच जनता पार्टी ने भी 10 अक्टूबर को जंतर मंतर पर फिर से प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। CJP के सौरव दास ने बताया कि वे बुधवार 7 अक्टूबर को पार्लियामेंट पुलिस स्टेशन में जाकर 10 अक्टूबर के प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगेंगे। उन्होंने कहा- संविधान ने हमें शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने का अधिकार दिया है।
दिल्ली कोर्ट ने 5 स्टूडेंट्स को रिहा करने का आदेश दिया
उधर, दिल्ली की पटियाला कोर्ट ने मंगलवार को 5 स्टूडेंट्स प्रोटेस्टर और 8 अन्य को सिक्योरिटी बॉन्ड पर रिहा करने का आदेश दिया है। इन्हें सोमवार को कोर्ट से जमानत मिली थी। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को चुनाव आयोग के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान 17 लोगों को गिरफ्तार किया था।

