तमिलनाडु में SIR का क्या: दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर DMK का तंज; कहा- CM विजय के बोलने से डर लगता है
Published:
2 min read

राहुल गांधी के नेतृत्व में आज कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने इलेक्शन कमीशन तक मार्च निकाला।
नेशनल डेस्क. मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन की तमाम पार्टियों के नेताओं ने मंगलवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। CEC के खिलाफ देशभर में जारी हंगामे के बीच तमिलनाडु में कांग्रेस की सहयोगी रही एमके स्टालिन की पार्टी DMK ने राहुल गांधी से तीखा सवाल पूछा है।
DMK नेता सरवनन अन्नादुरई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर पूछा- 'तमिलनाडु में SIR के जरिए वोट काटने को लेकर राहुल गांधी का क्या स्टैंड है? वे मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान का उस बयान का समर्थन क्यों नहीं कर रहे, जिसमें उन्होंने कहा है कि SIR के बाद सभी चुनी हुईं सरकारों को भंग कर देना चाहिए? क्या उन्हें CM विजय के तमिलनाडु में SIR को लेकर बोलने में डर लगता है। कितने दोहरे चरित्र का इंसान है।'
ये भी पढ़ें: INDIA ब्लॉक के 'सेव डेमोक्रेसी मार्च' को पुलिस ने रोका: विपक्षी सांसद हिरासत में, राहुल-प्रियंका का आकाशवाणी भवन में धरना; LoP बोले- मोदी और शाह नहीं बचेंगे
तमिलनाडु में सरकार में सहयोगी है कांग्रेस
तमिलनाडु में कांग्रेस ने विजय की TVK को समर्थन दिया है। दोनों के बीच ये गठबंधन चुनाव नतीजों के बाद हुआ। कांग्रेस 2026 में डीएमके के साथ चुनाव लड़ी थी। लेकिन DMK की हार के बाद कांग्रेस ने खेमा बदल लिया और विजय की नई नवेली TVK को समर्थन दिया। इसके बाद से DMK कांग्रेस से नाराज है और इंडिया गठबंधन से भी स्टालिन ने दूरी बना ली है।

ज्ञानेश कुमार और SIR के खिलाफ पिछले हफ्ते हुई INDIA गठबंधन की बैठक में भी DMK शामिल नहीं हुई थी। हालांकि, पार्टी ने कहा था कि इस मुद्दे पर INDIA गठबंधन की मांगों का समर्थन करेगी।
ये भी पढ़ें: अराजकता से राहुल गांधी को री-लॉन्च कराने की कोशिश: CEC के खिलाफ प्रदर्शन पर बोली BJP; कांग्रेस से पूछे ये 10 सवाल
आकाशवाणी में धरने पर बैठे राहुल गांधी और कांग्रेसी नेता
आज कांग्रेस और इंडिया गठबंधन में शामिल पार्टियों के नेताओं ने चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च निकाला। हालांकि, पुलिस की बैरिकेडिंग के चलते मार्च आकाशवाणी से आगे नहीं बढ़ पाया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत तमाम कांग्रेसी नेता वहीं धरने पर बैठ गए।

