ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास भीषण हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालुओं को कुचला, 15 की मौत, 26 घायल; सीएसपी को हटाया, 8 सस्पेंड
Published:
6 min read

शीतला माता मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से 15 श्रद्धालुओं की मौत
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में नवरात्रि मेले के दौरान शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। सातउं गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं को धान से भरे एक अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 अन्य घायल हो गए। मृतकों में महिलाएं, युवा और नाबालिग शामिल हैं। घायलों में दो होमगार्ड जवान भी हैं। सात घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। साथ ही लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा 8 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है।
सीएम मोहन यादव की सख्त कार्रवाई
शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) रवि भदौरिया को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही तीन थाना प्रभारियों सहित आठ पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। पूरी खबर पढ़ें...

मंत्रियों और सांसद ने जयारोग्य अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला घायलों का हाल जानने जयारोग्य अस्पताल पहुंचे। ग्वालियर के सांसद भरत सिंह कुशवाहा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मंत्रियों ने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेकर बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं, मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पूरी खबर पढ़ें...
इधर, मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए इस दर्दनाक हादसे पर राष्ट्रपति राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने दुख जताया है। पूरी खबर पढ़ें...
चीनौर रोड की ढलान पर बेकाबू हुआ ट्रक
जानकारी के अनुसार, हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर शीतला माता मंदिर के पास हुआ। नवरात्रि के चलते मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान धान से भरा एक ट्रक ढलान वाले रास्ते पर अचानक तेजी से आगे बढ़ने लगा। ट्रक ने रास्ते में मौजूद श्रद्धालुओं और सड़क किनारे लगी दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद वह मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की दीवार ढह गई और कई लोग मलबे के नीचे दब गए। अचानक हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बचाने के प्रयास शुरू किए और पुलिस-प्रशासन को सूचना दी।

हाइड्रा की मदद से चलाया गया बचाव अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान हाइड्रा की मदद से ट्रक को हटाया गया और उसके नीचे तथा मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। मंदिर में दर्शन करने आए मेडिकल कॉलेज के कुछ विद्यार्थियों ने भी घायलों की मदद की। उन्होंने एंबुलेंस में उपलब्ध दवाइयों और अन्य संसाधनों की सहायता से घायलों को प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया।
घायलों को जयारोग्य अस्पताल के शासकीय ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य अस्पतालों में पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने कई लोगों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि घायलों के परिजन भी बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे।
प्रशासन ने जारी की मृतकों की सूची
प्रशासन के अनुसार, हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। जारी सूची में 11 मृतकों की पहचान की गई है, जबकि अन्य शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। मृतकों में युवाओं और नाबालिगों की संख्या अधिक बताई गई है।
प्रशासन द्वारा जारी सूची में शामिल मृतक
- सतेन्द्र सिंह गुर्जर (22), निवासी महलगांव।
- सरला तोमर (50), निवासी हनुमान पहाड़ी, राजीव नगर, गुढ़ा-गुढ़ी का नाका।
- गौरव परिहार (18), निवासी बड़ागांव, खुरैरी।
- महेश शर्मा (45), निवासी सहसराम गसवानी, जिला श्योपुर।
- विमलेश (18), निवासी महागावरा, थाना सीहोर, जिला शिवपुरी।
- देवेश बघेल (17), निवासी मावटा, भितरवार।
- प्रिंस उर्फ छोटू जाटव (16), निवासी ठाठीपुर, चौहान प्याऊ, गल्ला कोठार।
- शौर्य शर्मा (15), निवासी सहसराम, जिला श्योपुर।
- हेमंत राठौर, निवासी शिवनगर गदाईपुरा।
- दिव्यांश कुशवाह (17), निवासी महेशपुरा, सिकंदर कम्पू।
- पवन राठौर (23), निवासी गदाईपुरा, हजीरा।
प्रशासन के मुताबिक, शेष मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे के बाद अस्पताल में परिजनों का जमावड़ा लगा रहा।
ट्रक अचानक आगे कैसे बढ़ा, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक धान से भरा हुआ था और उस पर पंजाब आरटीओ का पास बताया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि ढलान पर खड़े ट्रक का प्रेशर रिलीज होने के कारण वह अचानक आगे बढ़ गया। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
कलेक्टर रुचिका चौहान और पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने राहत कार्यों और घायलों के उपचार की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर के निर्देश पर हादसे के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि ट्रक अचानक कैसे आगे बढ़ा और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जताया दुख, आर्थिक सहायता की घोषणा
ग्वालियर हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने श्रद्धालुओं की मौत को हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य शासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 2-2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हादसे में घायल सभी लोगों का नि:शुल्क उपचार कराया जाएगा।
प्रभारी मंत्रियों को ग्वालियर पहुंचने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला को ग्वालियर पहुंचकर प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लेने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को भी घायलों के बेहतर उपचार और पीड़ित परिवारों को जरूरी मदद उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
पीएम मोदी ने जताया दुख
पीएमओ ने रविवार (18 अक्टूबर) को पीएम मोदी के हवाले से लिखा, "मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुए हादसे में लोगों की जान जाने की खबर से बहुत दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधान मंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा घायलों को पचास-पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।
धर्मवीर सिंह यादव, SSP ग्वालियर
रुचिका चौहान, कलेक्टर ग्वालियर
मनीष जैन, तहसीलदार
किरन, मृतक की मां
रोशन कुशवाहा, मृतक के पिता
कमल वर्मा, संवाददाता, राज एक्सप्रेस

