ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसा: घायलों से मिलने पहुंचे मंत्री कंसाना और शुक्ला, सांसद ने भी जाना हाल; बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई
Published:
3 min read

मंत्रियों और सांसद ने जयारोग्य अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल।
ग्वालियर। जिले के सातउं गांव स्थित प्राचीन शीतला माता मंदिर के रास्ते पर हुए भीषण ट्रक हादसे के बाद सरकार और जनप्रतिनिधि सक्रिय हो गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना और राकेश शुक्ला घायलों का हाल जानने जयारोग्य अस्पताल पहुंचे। ग्वालियर के सांसद भरत सिंह कुशवाहा ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात की। मंत्रियों ने डॉक्टरों से उपचार की जानकारी लेकर बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं, मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि हादसे में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों से मिले मंत्री और सांसद
शीतला माता मंदिर के रास्ते पर हुए दर्दनाक हादसे में घायल लोगों को जयारोग्य अस्पताल के शासकीय ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला और ग्वालियर लोकसभा सांसद भरत सिंह कुशवाहा अस्पताल पहुंचे।
तीनों जनप्रतिनिधियों ने ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से घायलों की स्थिति और उपचार के संबंध में जानकारी ली। मंत्रियों ने डॉक्टरों को घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भी बातचीत की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं : राकेश शुक्ला
घायलों से मुलाकात के बाद मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से भी बातचीत की है। सरकार की प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि हादसे की जांच की जा रही है। इसमें जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जांच के आधार पर आगे कदम उठाए जाएंगे।
पुलिस-प्रशासन पर परिजनों के आरोपों की भी जांच
मंत्री राकेश शुक्ला ने बताया कि हादसे के बाद कुछ परिजनों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की जांच की जा रही है। संबंधित अधिकारी पूरे मामले की पड़ताल कर रहे हैं, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। सरकार की ओर से मामले की निगरानी की जा रही है।
घायलों की आर्थिक सहायता पर भी चर्चा
मंत्री राकेश शुक्ला ने बताया कि घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से चर्चा हुई है। इस संबंध में जल्द घोषणा होने की संभावना है। सरकार प्रभावित परिवारों को जरूरी मदद उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात चीनौर रोड पर ढलान के पास धान से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को कुचलता हुआ शीतला माता मंदिर के प्रवेश द्वार से टकरा गया था। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया था। अब हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें-
ऐदल सिंह कंसाना, मंत्री
भारत सिंह कुशवाहा, सांसद
राकेश शुक्ला, मंत्री

