क्लासरूम में बाल पकड़कर डेस्क पर पटका, ईंट से कुचला: 8 साल के बच्चे का 6 साल की बच्ची पर हमला, CCTV भी सामने आया
Published: Updated:
2 min read

एक्स पर इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है।
एजुकेशन\ नेशनल डेस्क. हरियाणा के पंचकूला के एक स्कूल में 8 साल के बच्चे ने एक 6 साल की बच्ची पर हमला कर दिया है। इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के मुताबिक, बच्ची को चंडीगढ़ के पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGIMER) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है वीडियो
एक्स पर इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि 8 साल का बच्चा उस बच्ची के बाल पकड़कर बार-बार डेस्क पर मार रहा है। इसके बाद वो बच्ची जमीन पर गिर जाती है। वीडियो में बच्चा उसे लात मारते, घसीटते और ईंट से उस के सर पर कई बार वार करते हुए नजर आ रहा है। फुटेज में बच्ची के शरीर से खून निकलता हुआ भी नजर आ रहा है।
बच्चे का मेडिकल असेसमेंट जारी
DCP (क्राइम) अमरिंदर सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी बच्चे की उम्र 8 साल और घायल बच्ची की उम्र 6 साल ही है। घटना के पीछे की वजह पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि बच्चे का मेडिकल असेसमेंट कराया जा रहा है। इसको लेकर उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में 7 से 12 साल की उम्र के बच्चों का मेडिकल असेसमेंट किया जाता है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पुलिस इस मामले की जांच के तहत स्कूल प्रशासन से भी पूछताछ कर रही है।

