NTA में दो नए अफसर अपाॅइंट: IRS अधिकारी अंशुमान शर्मा जॉइंट सेक्रेटरी, सत्या एस को डायरेक्टर बनाया गया
Published:
2 min read

एजुकेशन डेस्क. केंद्र सरकार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में दो नए अफसरों को नियुक्त किया है। NTA में परीक्षा से जुड़ी कई गड़बड़ियों के बाद एजेंसी में सुधार करने के मकसद से ये नियुक्तियां की गई हैं।
डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनेल एंड ट्रेनिंग (DoPT) के नोटिफिकेशन के मुताबिक अंशुमान शर्मा को NTA में जॉइंट सेक्रेटरी बनाया गया है। उनकी नियुक्ति 5 साल या अगले आदेश जारी होने तक के लिए की गई है। वहीं सत्या एस को डायरेक्टर बनाया गया है।
सत्या एस को लैटरल एंट्री मिली
केंद्र सरकार की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक सत्या एस फिलहाल सहकारिता मंत्रालय (Ministry of Cooperation) में डायरेक्टर के पद पर काम कर रहे हैं। उन्हें लैटरल शिफ्ट के आधार पर NTA में अपॉइंट किया गया है। वह 24 अगस्त 2030 तक या अगले आदेश तक NTA में डायरेक्टर के तौर पर सर्विस देंगे।

एक दिन पहले भी दो अफसर अपॉइंट हुए थे
इन नियुक्तियों से एक दिन पहले यानी गुरुवार को केंद्र सरकार ने NTA में दो डायरेक्टर और एक जॉइंट सेक्रेटरी की नियुक्ति की थी। IAS प्रसन्न वेंकटेश वी और IPS रवि कुमार सिंह को पांच साल के लिए डायरेक्टर बनाया गया था। वहीं, अमित समदरिया, IRS को चार साल के लिए जॉइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया था। मार्च 2025 से अब तक NTA में 5 डायरेक्टर और 4 जॉइंट सेक्रेटरी को अपॉइंट किया जा चुका है।
इससे पहले 27 मार्च 2025 को केंद्र सरकार ने पवन कुमार शर्मा और विजयकुमार विनायकराव पाटिल को डायरेक्टर और आशीष गुप्ता को जॉइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया था। वहीं, 16 मई 2026 को आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगड़िया को जॉइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया था। इसी दिन अनुजा बापट और रुचिता विज को जॉइंट सेक्रेटरी बनाया गया था।
राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिश पर रही नियुक्तियां
यह नियुक्तियां अक्टूबर 2024 में बनी राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशों के आधार पर की जा रही हैं। कमेटी ने NTA में स्थायी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने और व्यवस्था को मजबूत करने की सलाह दी थी, ताकि एजेंसी में जवाबदेही बेहतर हो सके। इसके बाद सरकार ने NTA में 16 नए पद बनाने को मंजूरी दी। इनमें 8 पद निदेशक स्तर और 8 पद संयुक्त निदेशक स्तर के हैं।

