झारखंड के एग्जाम सेंटर पर NEET UG के गलत पेपर बंटे: कैंडिडेंट्स का हंगामा; NTA के निर्देश के बाद शाम 6 बजे दोबारा हुई परीक्षा
Published:
2 min read

यह AI-जनरेटेड सिम्बॉलिक इमेज है।
एजुकेशन डेस्क. झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर के एक एग्जाम सेंटर पर NEET UG परीक्षा के दौरान गलत पेपर बांट दिया गया। दरअसल NEET UG परीक्षा देने के लिए कैंडिडेट ने जो भाषा चुनी थी, उन्हें उसकी जगह दूसरी भाषा का पेपर दे दिया गया। योद्ध सिंह नामधारी महिला कॉलेज एग्जाम सेंटर पर ऐसा हुआ।
हिंदी मीडियम के छात्रों ने आरोप लगाया कि उन्हें इंग्लिश में प्रिंटेड पेपर दे दिया गया था। लेकिन उन्होंने हिंदी भाषा चुनी थी। इस गलती के बाद एग्जाम सेंटर के अंदर छात्रों ने प्रोटेस्ट किया। हालांकि NTA के निर्देश के बाद 6 बजे से एग्जाम दोबारा कराया गया।

2 बजे से शुरू होनी थी परीक्षा
एग्जाम सेंटर पर स्थिति बिगड़ने की जानकारी मिलते ही प्रशासन को अलर्ट किया गया। इसके बाद जिला अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात को काबू में किया गया। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:20 बजे तक चलने वाली थी, लेकिन इस घटना के कारण परीक्षा में काफी देरी हुई। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के निर्देशों के बाद शाम 6 बजे के बाद परीक्षा दोबारा शुरू कराई गई, जिससे छात्र अपना एग्जाम पूरा कर सके। SDM सुलोचना मीणा ने कहा- यह समस्या टेक्निकल एरर के कारण आई थी। हालांकि गलती को तुरंत सुधार लिया गया और इसके बाद कैंडिडेंट्स ने शांति से अपनी परीक्षा दी।

