बाल्टी भर पानी में 1 लीटर दूध मिलाकर बच्चों को परोसा: UP के सरकारी स्कूल का वीडियो वायरल; मिड-डे मील इंचार्ज सस्पेंड
Published:
1 min read

एजुकेशन डेस्क। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील में बच्चों को एक लीटर दूध को पानी से भरी बाल्टी में मिलाकर परोसा गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए मिड-डे मील इंचार्ज मोनिका सोनी को सस्पेंड कर दिया है।

वीडियो में क्या आ रहा नजर
वायरल वीडियो में महोबा के दिखवाहा स्थित प्राथमिक विद्यालय में रसोइया दो आधा-आधा लीटर के दूध के पैकेट को पानी से भरी बाल्टी में मिलाती हुए दिखाई दे रही है। बाद में वही दूध बच्चों में बांटा भी गया है।
मामले की जांच जारी
महोबा के बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल मिश्रा ने बताया कि यह घटना बुधवार को हुई थी। दरअसल जब ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जांच पर निकले थे, तो उसमें पाया गया था कि बच्चों को वहीं पानी मिला हुआ दूध दिया गया है। इसके बाद अधिकारियों ने हेड टीचर से पूछताछ करी और उन्हें सस्पेंड कर दिया। हालांकि अभी मामले की जांच जारी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी जाएगी।

