टीचर की पिटाई से स्टूडेंट के कान का पर्दा डैमेज : केरल में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल पर FIR दर्ज, एजुकेशन मिनिस्टर ने रिपोर्ट मांगी
Published:
2 min read

यह AI जेनरेटेड इमेज है। इसे न्यूज नेचर के लिहाज से क्रिएट किया गया है।
केरल के कासरगोड जिले में सरकारी स्कूल के हेडमास्टर ने 10वीं क्लास के बच्चे की पिटाई की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रिंसिपल ने बच्चे को स्कूल असेंबली के दौरान थप्पड़ मार दिया। इससे उसका कान का पर्दा फट गया।
बेडाकम पुलिस ने मंगलवार को इस घटना की जानकारी दी। बयान लेने के बाद हेडमास्टर के खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस ने बताया- भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2) (गलत तरीके से रोकना), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 (बच्चों पर क्रूरता) के तहत मास्टर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।
चाइल्ड राइट्स कमीशन और शिक्षा मंत्री भी एक्टिव
इस घटना के बाद मंगलवार को केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग (KSCPCR) ने छात्र और उसके परिवार से मुलाकात की। वहीं, शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने भी शिक्षा मंत्रालय को जांच के आदेश दिए हैं। कासरगोड जिला शिक्षा अधिकारी से रिपोर्ट जल्द ही मंत्री को सौंपी जाएगी।
क्या था पूरा मामला
मामला 11 अगस्त को कुंडमकुंजी के गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल का है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, असेंबली के दौरान हेड मास्टर अशोकन ने 16 साल के बच्चें को पैरों से कंकड़-पत्थरों से खेलते देखा। गुस्से में उन्होंने छात्र को सामने बुलाकर कॉलर पकड़ा और थप्पड़ मार दिया।
थप्पड़ लगने के बाद बच्चे को कान में तेज दर्द होने लगा। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर्स ने बताया की उसके कान का पर्दा फट चुका है। फिलहाल बच्चे का इलाज एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है।

