DUSU Election 2026: ABVP और NSUI ने कैंडिडेट्स लिस्ट जारी की; 18 सितंबर को वोटिंग
Published:
4 min read

एजुकेशन डेस्क. दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) के चुनाव नजदीक आ रहे हैं। वहीं अब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने 2026-27 के चुनाव के लिए अपने चार सदस्यीय पैनल की घोषणा कर दी है। दोनों छात्र संगठनों ने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पदों के लिए अपने-अपने कैंडिडेट्स के नाम की लिस्ट जारी कर दी है। आइए इस पर एक नजर डालते हैं।
ABVP कैंडिडेट्स की लिस्ट
ABVP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए DUSU चुनाव 2026 के लिए चार प्रमुख पदों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। इसमें शामिल है….

यश डबास
दिल्ली के कंझावला के रहने वाले यश डबास ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया है। वह इंटरनेशनल लेवल के टेनिस खिलाड़ी भी हैं और स्पेन, ऑस्ट्रेलिया और सर्बिया में आयोजित ITF प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुके हैं। इसके अलावा, उनका चयन CBSE नेशनल्स, SGFI नेशनल्स, खेलो इंडिया और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 के लिए भी हुआ है। उन्होंने नॉर्थ इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व किया था। फिलहाल यश डबास दिल्ली यूनिवर्सिटी के डिपार्टमेंट ऑफ बुद्धिस्ट स्टडीज में पढ़ाई कर रहे हैं।
इशु मौर्य
इशु मौर्य उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है। वह 2021 से ABVP से जुड़े हुए हैं। छात्र जीवन के दौरान डिबेट और पब्लिक कम्युनिकेशन से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। वह सत्यवती कॉलेज (मॉर्निंग) यूनिट के अध्यक्ष और Students for Seva के को-कन्वीनर के रूप में भी काम कर चुके हैं। फिलहाल वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई कर रहे हैं।
रिया छावड़ी
रिया छावड़ी दिल्ली के बदरपुर स्थित मोडबंद गांव की रहने वाली हैं और उनका परिवार खेती से जुड़ा है। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री अरबिंदो कॉलेज से पढ़ाई की है। वह इंटर-कॉलेज लेवल की बास्केटबॉल खिलाड़ी भी हैं। रिया छावड़ी फिलहाल श्री अरबिंदो कॉलेज से B.A. प्रोग्राम में पढ़ाई कर रही हैं।
लक्ष्य राज सिंह
लक्ष्य राज सिंह राजस्थान के चूरू जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्री गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन किया है। वह इंटरनेशनल लेवल के हैंडबॉल खिलाड़ी हैं और एशियन गेम्स के साथ-साथ वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने नेशनल गेम्स में राजस्थान और नेशनल यूनिवर्सिटी गेम्स में दिल्ली यूनिवर्सिटी का प्रतिनिधित्व किया है। फिलहाल वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के फैकल्टी ऑफ लॉ के कैंपस लॉ सेंटर से कानून की पढ़ाई कर रहे हैं।
NSUI कैंडिडेट्स की लिस्ट
विजय शंकर मीणा
राजस्थान के रहने वाले विजय शंकर मीणा DUSU अध्यक्ष पद के लिए NSUI के उम्मीदवार हैं। उन्होंने राजस्थान यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन पूरा किया है और फिलहाल दिल्ली यूनिवर्सिटी में बुद्धिस्ट स्टडीज में MA फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहे हैं। NSUI के मुताबिक, मीणा छात्र अधिकार और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
वीर छत्रथ
दिल्ली के रहने वाले वीर छत्रथ DUSU उपाध्यक्ष पद के लिए NSUI की उम्मीदवार हैं। उन्होंने ग्रेजुएशन पूरा किया है और फिलहाल दिल्ली यूनिवर्सिटी में बौद्ध अध्ययन में MA फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहे हैं। NSUI के अनुसार, छत्रथ छात्रों और कैंपस से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
नम्रता चौधरी
दिल्ली की रहने वाली नम्रता चौधरी DUSU के सेक्रेटरी पद के लिए NSUI की उम्मीदवार हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के SPM कॉलेज से ग्रेजुएशन पूरा किया है और फिलहाल यूनिवर्सिटी में बुद्धिस्ट स्टडीज में MA सेकंड ईयर की पढ़ाई कर रही हैं। NSUI ने उनकी उम्मीदवारी को छात्र कल्याण, समान अवसर और कैंपस में महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों से जोड़ा है।

गोपाल चौधरी
राजस्थान के रहने वाले गोपाल चौधरी DUSU जॉइंट सेक्रेटरी पद के लिए NSUI के उम्मीदवार हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सत्यवती कॉलेज से ग्रेजुएशन किया है और फिलहाल बौद्ध अध्ययन (Buddhist Studies) में MA फर्स्ट ईयर की पढ़ाई कर रहे हैं। NSUI के मुताबिक, चौधरी छात्रों से जुड़े मुद्दों पर काम कर चुके हैं। उनका फोकस जमीनी स्तर पर छात्रों से जुड़ने और यूनिवर्सिटी प्रशासन के सामने छात्र प्रतिनिधित्व को मजबूत करने पर है। यह घोषणा यूनिवर्सिटी की ओर से की गई है। इसमें कुल 25 उम्मीदवारों को अध्यक्ष, 20 को उपाध्यक्ष, 24 को सचिव और 19 उम्मीदवारों को संयुक्त सचिव पद के लिए अस्थायी रूप से योग्य घोषित किया गया है।
कब होगा चुनाव
DUSU चुनाव 18 सितंबर को होंगे। डे क्लास के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक, जबकि इवनिंग क्लास के छात्र दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक वोट कर सकेंगे। वोट की गिनती 19 सितंबर को होगी।

