दिल्ली के सरकारी स्कूलों के मिड-डे मील में मिलेगा इडली-सांभर: रागी हलवा और दलिया हटाया गया; 24 अगस्त से नया मेन्यू
Published:
2 min read

एजुकेशन डेस्क. दिल्ली सरकार ने मिड-डे मील में बदलाव किया है। अब स्टूडेंट्स को मील में इडली और सांभर भी दिए जाएंगे। दरअसल हाल ही में शिक्षा निदेशालय ने रिवाइज्ड मेन्यू लागू करने के आदेश दिए हैं। निदेशालय ने सभी स्कूलों और खाने का सामान उपलब्ध कराने वाली एजेंसियों को 24 अगस्त तक सभी तैयारी करने का समय दिया है। इस बदलाव का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
जरूरी बर्तन और सामान उपलब्ध करने के निर्देश
एजुकेशन डिपार्टमेंट के मुताबिक इडली-सांभर को मेन्यू में शामिल करने के लिए स्पेशल बर्तन, जरूरी सामग्री और कर्मचारियों की जरुरत भी होगी। इसलिए खाना उपलब्ध करने वाली एजेंसियों को सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के लिए दो हफ्ते का समय दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि 24 अगस्त से छात्रों को इडली-सांभर मिलना शुरू हो जाना चाहिए।
रागी हलवा और वेजिटेबल पॉरिज हटाए गए
फूड रिव्यू कमेटी ने बच्चों की पसंद, पोषण और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मिड-डे मील के मौजूदा मेन्यू में कई बदलाव करने की सिफारिश की है। नए मेन्यू के तहत रागी हलवा को हटाकर उसकी जगह ऐसी डिश लाई गई है, जो गेहूं के आटे से बनी हो और इसी के साथ चना मसाला भी शामिल किया गया है। वहीं वेजिटेबल दलिया की जगह अब ज्वार और बाजरे से बने व्यंजन परोसे जाएंगे, ताकि बच्चों को मिलेट्स से पोषन मिल सकें।
किस दिन क्या मिलेगा
नए मेन्यू के तहत हफ्ते के छह दिनों के लिए अलग-अलग खाना तय किया गया है।
- पहला दिन: पूरी, काले चने की सब्जी और मसला हुआ आलू।
- दूसरा दिन: इडली और सांभर।
- तीसरा दिन: चावल, छोले और मसला हुआ आलू।
- चौथा दिन: पूरी और छोले।
- पांचवां दिन: चावल और दाल।
- छठा दिन: चावल और सब्जी।
नियमों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई
खाना बनाने और पहुंचाने वाली एजेंसियों को PM-POSHAN योजना के नियमों, FSSAI के फूड सेफ्टी नियमों और साफ-सफाई के तय नियमों का पालन करना होगा। अगर कोई एजेंसी इन नियमों का पालन नहीं करती है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

