Toyota Glanza 2026: 14 अक्टूबर को लॉन्च होगी, लेवल-2 ADAS और 6 एयरबैग्स; कार में नया Z-सीरीज इंजन मिलेगा
Published:
3 min read

Glanza 2026 का नया मॉडल 14 अक्टूबर को भारत में लॉन्च होने की उम्मीद है। (फोटो सोर्स- Toyota)
ऑटो डेस्क। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (Toyota Kirloskar Motor) अपनी पॉपुलर हैचबैक टोयोटा ग्लांजा (Toyota Glanza 2026) का नया मॉडल 14 अक्टूबर को भारत में लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने अभी तक नए मॉडल के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है। हालांकि, मीडिया इनवाइट्स और डीलर सोर्सेज के मुताबिक, यह नई Glanza ही होगी।
Toyota Glanza को मारुति सुजुकी बलेनो (Maruti Suzuki Baleno) के रीबैज्ड वर्जन के तौर पर जाना जाता है। हाल ही में अपडेटेड बलेनो के बाजार में आने के बाद अब Glanza में भी कॉस्मेटिक बदलाव के साथ सेफ्टी और मैकेनिकल अपडेट देखने को मिल सकते हैं।
नई Toyota Glanza 2026 का डिजाइन
Glanza 2026 में कंपनी पूरी कार का डिजाइन बदलने के बजाय छोटे लेकिन ध्यान देने लायक बदलाव कर सकती है। इससे कार का लुक पहले से थोड़ा ज्यादा शार्प और मॉडर्न नजर आएगा। टोयोटा अपनी कार को अलग पहचान देने के लिए Glanza 2026 में रीडिजाइन फ्रंट ग्रिल और नया बंपर दे सकती है।

Glanza 2026 में ये फीचर्स मिलेंगे
Glanza का इंटीरियर पहले से ज्यादा हाई-टेक और प्रीमियम हो सकता है। कंपनी इसमें फीचर्स के साथ सेफ्टी पर भी खास ध्यान दे सकती है। कार में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड मिलेंगे। इसके अलावा कार में लेवल-2 ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) भी दिया जाएगा।
वेंटिलेटेड सीट से वायरलेस चार्जिंग तक
Baleno की तरह Glanza 2026 में भी कई नए फीचर्स मिल सकते हैं। इनमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, कूलिंग फीचर वाला वायरलेस फोन चार्जर, अपग्रेडेड साउंड सिस्टम और नया सीट फैब्रिक शामिल हो सकते हैं। हालांकि, इस बार भी कार में सनरूफ और फुली-डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलने की उम्मीद नहीं है।
नया 1.2-लीटर Z-Series इंजन
Glanza 2026 में सबसे बड़ा बदलाव इसके इंजन में देखने को मिल सकता है। टोयोटा मौजूदा 1.2-लीटर, 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन को हटाकर मारुति का नया 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-Series Z12E पेट्रोल इंजन इस्तेमाल करेगी। यह इंजन 82 bhp की पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।

गियरबॉक्स और CNG वेरिएंट
Glanza 2026 में इंजन के साथ 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। इसके अलावा, आगे चलकर इसका CNG वेरिएंट भी लॉन्च किया जा सकता है। नए फीचर्स और नए इंजन के साथ नई Glanza की कीमत मौजूदा मॉडल से ज्यादा हो सकती है। फिलहाल Toyota Glanza की कीमत 6.73 लाख रुपए से 9.99 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) के बीच है।
यह भी पढ़ें-
Maruti Dzire महंगी हुई: 7,500 रुपए तक बढ़े दाम, अब कीमत 6.30 लाख रुपए से शुरू; CNG मॉडल भी महंगा

