Reliance Share Price: 12% की तेजी के बाद रिलायंस में अचानक आई गिरावट, ब्रोकरेज ने दिया 1520 रुपए का टारगेट; क्या अभी दांव लगाना सही है
Published:
3 min read

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर ने पिछले एक महीने में निवेशकों को करीब 9% का रिटर्न दिया है। (फोटो सोर्स- रॉयटर्स)
बिजनेस डेस्क। मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के शेयरों में सोमवार को जोरदार तेजी थी, लेकिन मंगलवार को शेयर में प्रॉफिट बुकिंग हावी रही। पिछले सत्र में करीब 12% के उछाल दिखाने के बाद आज इंट्राडे कारोबार में यह 1.3% तक गिरकर 1,281.55 रुपए पर आ गया। इससे निवेशकों के बीच सवाल उठ रहा है कि इतनी तेजी के बाद रिलायंस के शेयर खरीदना सही है या अभी इंतजार करना चाहिए। कंपनी के मजबूत तिमाही नतीजों और रिकॉर्ड मुनाफे ने शेयर में नई जान फूंकी है।
12% उछला शेयर, फिर मुनाफावसूली
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर पिछले सत्र में 11.6% की तेजी के साथ 1300 रुपए पर बंद हुए थे। यह अप्रैल 2020 के बाद शेयर की सबसे बड़ी एक दिन की तेजी रही। मंगलवार, 3 नवंबर को कारोबार के दौरान शेयर 1.3% तक गिरकर 1,281.55 रुपए पर आ गया।
सोमवार की तेजी से कंपनी के मार्केट कैप में करीब 1.84 लाख करोड़ रुपए का इजाफा हुआ और यह करीब 17.6 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया। इसके साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज भारत की सबसे वैल्यूएबल लिस्टेड कंपनी बनी हुई है। हालांकि, 2026 में अब तक शेयर करीब 17.22% नीचे है। कंपनी के शेयर इससे पहले लगातार दबाव में थे और पिछले 10 में से 8 महीनों में गिरावट के साथ बंद हुए।
रिकॉर्ड मुनाफे से मिला शेयर को सहारा
रिलायंस इंडस्ट्रीज के मजबूत Q2FY27 नतीजों ने शेयर में तेजी को सहारा दिया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट आफ्टर टैक्स (PAT) सालना आधार पर 33.8% बढ़कर रिकॉर्ड 29,550 करोड़ रुपए रहा। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 27.8% बढ़कर 3,62,268 करोड़ और एबिटा 23.9% बढ़कर 62,409 करोड़ हो गया।

खरीदें या अभी करें इंतजार
ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज ने रिलायंस इंडस्ट्रीज पर 'Buy' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 1520 रुपए तय किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, 1300 रुपए के लेवल से इसमें करीब 17% की तेजी की गुंजाइश है। रिलायंस के Jio प्लेटफॉर्म्स में 64.5% हिस्से के मुकाबले शेयर करीब 54% के होल्डिंग कंपनी डिस्काउंट पर कारोबार कर रहा है।
यह भी पढ़ें-
BLS Polymers IPO: 65% प्रीमियम पर शेयरों की एंट्री; निवेशकों को पहले दिन 9800 रुपए तक का फायदा

