जियो प्लेटफॉर्म्स लिस्टिंग: अनंत अंबानी ने जताया PM मोदी का आभार; कहा- भारत का कल युवाओं का, रिलायंस पूरा करेगा विकसित भारत का सपना
Published:
2 min read

अनंत अंबानी ने अपने संबोधन में उन लाखों लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने जियो पर भरोसा जताया। (फोटो सोर्स- एएनआई)
बिजनेस डेस्क। जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के मौके पर अनंत अंबानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया की सोच ने जियो को अपना मकसद दिया और देश में डिजिटल कनेक्टिविटी को आगे बढ़ाने की दिशा दिखाई। अनंत ने अपने संबोधन में पीएम मोदी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। रिलायंस, विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में काम करता रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी को अनंत का खास संदेश
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग सेरेमनी में अनंत अंबानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा, 'आदरणीय मोदी दी, आपको हमारा कोटि कोटि प्रणाम।' डिजिटल इंडिया विजन ही वह सोच है, जिसने जियो को अपना उद्देश्य दिया। अनंत ने प्रधानमंत्री के लगातार मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार जताया।

उनका यह बयान ऐसे समय आया, जब जियो प्लेटफॉर्म्स ने शेयर बाजार में कदम रखा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की यह डिजिटल और टेलीकॉम कंपनी 28 अक्तूबर को शेयर मार्केट में लिस्टेड हुई। लिस्टिंग के पहले दिन जियो के शेयरों में करीब 21% की तेजी दर्ज की गई।


युवाओं को लेकर कही ये बात
अनंत अंबानी ने भारत के भविष्य और युवाओं की भूमिका पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाला कल भारत का है और भारत का कल उसके युवाओं का है। उन्होंने रिलायंस की योजनाओं को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य से भी जोड़ा। अनंत ने कहा कि रिलायंस इस विजन को जमीन पर उतारने की कोशिशों में आगे भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मां ने कहा-जियो मेरे लाल, दादी ने कहा-जुग-जुग जियो
अनंत ने आगे कहा कि जियो के सपने का बीज ईशा दीदी ने बोया। आकाश भाई ने उसे अपना सपना बनाया। जियो को पूरे देश ने दुआएं दी। मां ने कहा- 'जियो मेरे लाल', दादी ने कहा- 'जुग-जुग जियो'। जियो शायद दुनिया का पहला ऐसा नाम है, जो अपने आप में एक आशीर्वाद है।
यह भी पढ़ें-

