दीपावली मुहूर्त ट्रेडिंग 2026: 8 नवंबर को 2.20 बजे खुलेगा बाजार, HDFC सिक्योरिटीज ने दी 5 शेयरों में खरीदारी की सलाह
Published:
5 min read

संवत 2083 की मुहूर्त ट्रेडिंग के लिए HDFC सिक्योरिटीज ने पांच शेयरों में निवेश की सलाह दी है। (सिम्बॉलिक इमेज)
बिजनेस डेस्क। दीपावली के साथ नए संवत 2083 की शुरुआत हो रही है। शेयर मार्केट में इस मौके पर खास मुहूर्त ट्रेडिंग का आयोजन किया जाएगा। इस बार मुहूर्त ट्रेडिंग रविवार, 8 नवंबर NSE और BSE पर दोपहर 2.20 बजे से कारोबार शुरू होगी। इस खास मौके पर निवेशक नए साल की शुरुआत शेयरों में निवेश के साथ करना चाहेंगे। अगर आप भी मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान शेयर खरीदने का सोच रहे हैं, जो ब्रोकरेज फर्म HDFC सिक्योरिटीज ने 5 शेयरों में निवेश की सलाह दी है।
ब्रोकरेज ने इन शेयरों को अलग-अलग सेक्टर से चुना है। इसके पीछे कंपनियों की ग्रोथ, बेहतर कारोबार, बड़े ऑर्डर, बढ़ती डिमांड और भविष्य की संभावनाओं को आधार बनाया है। HDFC सिक्योरिटीज ने इन शेयरों के लिए खरीदारी की रेंज और टारगेट प्राइस भी बताए हैं।
मुहूर्त ट्रेडिंग 2026: HDFC सिक्योरिटीज के 5 पसंदीदा शेयरों की लिस्ट...
अंबुजा सीमेंट: 481 रुपए का टारगेट, ग्रीन एनर्जी से मुनाफा बढ़ेगा
HDFC सिक्योरिटीज का मानना है कि अंबुजा सीमेंट आने वाले समय में बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। कंपनी ग्रीन पावर का इस्तेमाल बढ़ा रही है। साथ ही लॉजिस्टिक्स पर होने वाला खर्च करने की कोशिश कर रही है। लागत घटने से कंपनी के प्रॉफिट मार्जिन में सुधार की उम्मीद है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ने और खर्च में कमी आने से FY26-28 के बीच सीमेंट बिक्री की मात्रा में सालाना औसतन 8% और एबिटा में 17% की बढ़ोतरी हो सकती है।

- खरीदारी की रेंज: 347-362 रुपए
- गिरावट पर खरीदारी: 325 रुपए
- टारगेट प्राइस: 481 रुपए
अडाणी पावर: पावर परचेज एग्रीमेंट से कारोबार को मजबूती
HDFC सिक्योरिटीज अडाणी पावर को लेकर पॉजिटिव है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी अपनी बिजली उत्पादन क्षमता को धीरे-धीरे लंबे समय के पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के तहत लाने की योजना पर काम कर रही है। इससे कंपनी की कमाई का अनुमान लगाना आसान होगा। ब्रोकरेज का अनुमान है कि FY27 से FY29 के बीच कंपनी के रेवेन्यू में 18.8%, एबिटा में 19.2% और कर के बाद मुनाफा (PAT) में 10.4% की सालाना औसत बढ़ोतरी हो सकती है।

- खरीदारी की रेंज: 185-195 रुपए
- गिरावट पर खरीदारी: 170 रुपए
- टारगेट प्राइस: 234 रुपए
कोल इंडिया: बिजली की मांग बढ़ने से कोयले की बिक्री को फायदा
HDFC सिक्योरिटीज को कोल इंडिया के कारोबार में अच्छी संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी को कोयले की बढ़ती मांग, ई-ऑक्शन में बेहतर कीमत और लागत कम होने का फायदा मिल सकता है। गर्मियों में बिजली की मांग बढ़ने और बारिश कम होने की स्थिति में FY27 के दौरान कोयले की खपत और बिक्री में तेजी आ सकती है। इसके अलावा इंटरनेशनल मार्केट में कोयले की कीमतें बढ़ने से कंपनी को ई-ऑक्शन से बेहतर दाम मिल सकते हैं।

- खरीदारी की रेंज: 389-405 रुपए
- गिरावट पर खरीदारी: 355 रुपए
- टारगेट प्राइस: 490 रुपए
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL): मजबूत ऑर्डर बुक से ग्रोथ की उम्मीद
डिफेंस सेक्टर की कंपनी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स (BEL) पर भी HDFC सिक्योरिटीज ने भरोसा जताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी के पास बड़े स्तर पर मैन्युफैक्चरिंग की क्षमता, मजबूत रिसर्च एंड डेवलपमेंट और नए ऑर्डर हासिल करने की बेहतर संभावनाएं हैं।
कंपनी का पिछला काम पूरा करने का रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है। इसके अलावा कंपनी कर्ज मुक्त है और रिटर्न रेशियो भी अट्रैक्टिव है। ब्रोकरेज को उम्मीद है कि आने वाले समय में कंपनी की प्रॉफिटेबिलिटी में और सुधार होगा। सितंबर 2028 के अनुमानित अर्निंग्स पर शेयर (EPS) के 40 गुना वैल्यूएशन के आधार पर शेयर का टारगेट 475 रुपए रखा गया है।
- खरीदारी की रेंज: 368-378 रुपए
- टारगेट प्राइस: 475 रुपए
कैन फिन होम्स: हाउसिंग लोन कारोबार में ग्रोथ की उम्मीद
हाउसिंग फाइनेंस कंपनी कैन फिन होम्स को लेकर HDFC सिक्योरिटीज का नजरिया सकारात्मक है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि कंपनी FY27 में अपने लोन कारोबार को 15% से ज्यादा बढ़ा सकती है। इसके अलावा कंपनी हर साल करीब 25 नई ब्रांच खोलने की योजना पर काम कर रही है। साथ ही नए ग्राहकों को जोड़ने, लोन के अलग-अलग प्रोडक्ट पेश करने और टेक्नोलॉजी को बेहतर बनाने पर फोकस है।
हालांकि HDFC सिक्योरिटीज ने कुछ चुनौतियों की ओर भी ध्यान दिलाया है। हाउसिंग लोन की डिमांड में कमी के बीच कंपनी की एनुअल लोन ग्रोथ 9.5% रही। इसका अलावा बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और कंपनी की विस्तार योजनाओं का असर भी देखने की जरूरत होगी।

- खरीदारी की रेंज: 720-740 रुपए
- गिरावट पर खरीदारी: 655 रुपए
- टारगेट प्राइस: 845 रुपए

