शिवपुरी में 70वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज: पहले दिन 10 संभागों के 700 खिलाड़ियों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया, अतिथियों को दी सलामी
Published:
3 min read

शिवपुरी में 70वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
शिवपुरी। श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में बुधवार को 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 संभागों से करीब 700 खिलाड़ी शामिल हुए। खिलाड़ियों ने अपने-अपने संभाग के ध्वज और तख्तियां लेकर बैंड की धुन पर मार्च पास्ट किया और अतिथियों को सलामी दी। इससे खेल परिसर का माहौल उत्साह से भर गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने ध्वजारोहण कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे परिणाम की चिंता किए बिना पूरी खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि शिवपुरी को लगातार राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी मिलना जिले के लिए गौरव की बात है। नेहा यादव ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए खिलाड़ियों से शिवपुरी की अच्छी यादें लेकर लौटने की अपील भी की।
खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की अपील
जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने खिलाड़ियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी शिवपुरी के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों से सुरक्षा का ध्यान रखते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय शर्मा, करैरा विधायक रमेश खटीक, सांसद प्रतिनिधि हरिओम राठौर, भाजपा उपाध्यक्ष शिवम दुबे, विधायक प्रतिनिधि प्रशांत राठौर और पूर्व नगर उपाध्यक्ष संजय राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल
शुभारंभ समारोह में संस्कार स्कूल की छात्राओं ने ‘म्हारो प्यारो राजस्थान’ गीत पर आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। इसके बाद गुरुनानक स्कूल के विद्यार्थियों ने ‘उतरें मुझमें आदि योगी’ गीत पर योग कला का प्रदर्शन किया। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।
पहले दिन 100 मीटर दौड़ के हीट आयोजित
प्रतियोगिता के पहले दिन 100 मीटर दौड़ के हीट चरण आयोजित किए गए। प्रचार-प्रसार प्रभारी नीरज सरैया के अनुसार बालिका वर्ग में उज्जैन की मानसवी तिवारी ने 13.37 सेकंड का समय दर्ज किया और अगले चरण में जगह बनाई। उनके साथ रिचा स्वामी नर्मदापुरम, अक्षिता उज्जैन, स्नेहा यादव रीवा, जसटिना सोनवानी भोपाल, स्तुति जायसवाल इंदौर, आसी कसेरा ग्वालियर और सपना डाबर जनजातीय कार्य विभाग ने भी अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।
बालक वर्ग में धार्मिक रघुवंशी सबसे आगे
बालक वर्ग में ग्वालियर के धार्मिक रघुवंशी ने 11.61 सेकंड का समय दर्ज किया। उनके अलावा बबलू जमरा जनजातीय कार्य विभाग, बृजेश धुर्वे जबलपुर, अभयराज सिंह भोपाल, कौशल ठाकुर नर्मदापुरम, अर्णव श्रीवास्तव भोपाल, अश्र महेश्वरी उज्जैन और जबलपुर के आयुष लोधी ने अगले चरण में जगह बनाई। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न समितियों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

