शिवपुरी के लुकवासा में दर्दनाक हादसा: मजदूरी कर लौट रही 11 वर्षीय बालिका पर चढ़ा ट्रैक्टर का पहिया, मौके पर मौत; चालक वाहन समेत फरार
Published:
2 min read

शिवपुरी के लुकवासा में ट्रैक्टर ने बच्ची को कुचला
शिवपुरी। जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 11 साल की बालिका की मौत हो गई। बालिका अपनी मां के साथ खेत पर भुट्टा तोड़ने की मजदूरी करने गई थी। काम खत्म होने के बाद वह ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर पर चढ़ते समय अचानक वाहन आगे बढ़ गया और बालिका नीचे गिर गई।
ट्रैक्टर का पहिया सिर के ऊपर से निकला
जानकारी के मुताबिक अनन्या जाटव पुत्री सुरेश जाटव अपनी मां के साथ खेत पर मजदूरी करने गई थी। शाम को काम खत्म होने के बाद वह अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर घर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि रास्ते में अनन्या ट्रैक्टर पर चढ़ने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान चालक ने ट्रैक्टर आगे बढ़ा दिया। अचानक वाहन चलने से अनन्या नीचे गिर गई और ट्रैक्टर का पहिया उसके सिर के ऊपर से निकल गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक मौके से फरार
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही लुकवासा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है। बुधवार को कोलारस स्वास्थ्य केंद्र में बालिका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और ट्रैक्टर चालक की भूमिका को लेकर जांच की जा रही है।
सुरेश जाटव, मृतक के पिता

