सतना में प्लाईवुड कारोबारी फायरिंग मामले में पुलिस को सफलता: जबलपुर से 2 सगे भाई गिरफ्तार, आरोपियों का निकाला गया जुलूस, पूछताछ जारी
Published:
2 min read

प्लाईवुड कारोबारी पर फायरिंग मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार
सतना। शहर के भुजवा मोहल्ला मार्ग पर प्लाईवुड कारोबारी संजय अग्रवाल पर फायरिंग के मामले में कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उमर खान और भैया खान उर्फ मकबूल सगे भाई हैं और दोनों को जबलपुर से पकड़ा गया है।
आरोपियों की तलाश में जुटी थीं 3 टीमें
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए तीन टीमें गठित की थीं। CSP मनीष त्रिपाठी की अगुआई और कोतवाली थाना प्रभारी हेमंत शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने जबलपुर में दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया।
प्लाईवुड कारोबारी पर फायरिंग, जांघ में लगी गोली
गौरतलब है कि 28 सितंबर को भुजवा मोहल्ला मार्ग स्थित पान की दुकान के पास संजय अग्रवाल पर फायरिंग हुई थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोली उनकी जांघ में लगी थी और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। दैनिक जागरण
पुलिस दोनों आरोपियों को सतना लेकर पहुंची
गिरफ्तारी के बाद पुलिस दोनों आरोपियों को सतना लेकर पहुंची। इसके बाद भुजवा मोहल्ला मार्ग से मुख्य बाजार तक आरोपियों का जुलूस निकाला गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। अब पुलिस आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार, फायरिंग के कारण और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। मामले में जांच जारी है।
मनीष त्रिपाठी,CSP सतना

