CM विजय की पत्नी संगीता ने डिवोर्स की अर्जी वापस ली: एक्ट्रेस से अफेयर का लगाया था आरोप; 15 मिनट सवाल-जवाब के बाद केस बंद
Published:
3 min read

विजय और संगीता की शादी 1998 में हुई थी।
नेशनल डेस्क. अभिनेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के बीच तलाक को लेकर चल रही कानूनी लड़ाई खत्म हो गई है। संगीता ने शुक्रवार को विजय से तलाक के लिए दायर अपनी याचिका वापस ले ली। इसके बाद चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट ने संगीता से 15 मिनट सवाल जवाब करने के बाद तलाक की कार्यवाही औपचारिक रूप से बंद कर दी।
संगीता ने फरवरी 2026 में विजय से अलग होने के लिए तलाक की याचिका दायर की थी। याचिका में उन्होंने विजय पर धोखा देने के गंभीर आरोप लगाए थे। संगीता का आरोप था कि विजय का एक एक्ट्रेस के साथ संबंध है। याचिका के मुताबिक, उन्हें इसके बारे में अप्रैल 2021 में पता चला था। इसके बावजूद विजय ने संबंध जारी रखे। इससे उन्हें मानसिक परेशानी हुई और बच्चों के सामने असहज स्थिति पैदा हुई।
ये भी पढ़ें: CM विजय ने करूर भगदड़ पीड़ितों को दी थी जॉब: मद्रास हाईकोर्ट ने नौकरियां रद्द कीं; कहा- ये आर्टिकल 14 और 16 का उल्लंघन
तमिलनाडु चुनाव से पहले संगीता की याचिका राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई थी। दरअसल, विजय की पार्टी TVK पहली बार चुनाव मैदान में उतरी थी और विजय CM पद का चेहरा थे।
चुनावी हलफनामे में पत्नी को ₹12.60 करोड़ देने का जिक्र
विजय और संगीता के रिश्ते का मामला मद्रास हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था। हालांकि यह मामला सीधे तलाक को लेकर नहीं, बल्कि विजय के चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी को लेकर था। एक वोटर ने विजय के चुनावी हलफनामे की जांच की मांग करते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में सवाल उठाया गया था कि विजय ने अपने हलफनामे में पत्नी संगीता को 12.60 करोड़ रुपए उधार देने की बात कही है। जबकि दोनों के बीच तलाक का मामला चल रहा है। हालांकि अप्रैल के आखिर में मद्रास हाईकोर्ट ने यह याचिका खारिज कर दी थी।
ये भी पढ़ें: CM विजय के बेटे की 'किडनैपिंग' का मजेदार किस्सा: एक फैन बच्चे को स्कूल से उठा ले गया, फिर खुद छोड़ने आया; आखिर वजह क्या थी
1996 में हुई थी विजय-संगीता की पहली मुलाकात
विजय और संगीता की पहली मुलाकात 1996 में हुई थी। श्रीलंकाई मूल की संगीता ब्रिटेन में पली बढ़ीं। दोनों ने 1998 में ब्रिटेन में अपनी शादी रजिस्टर कराई थी। इसके बाद 25 अगस्त 1999 को चेन्नई में हिंदू रीति-रिवाजों से दोनों ने शादी की थी। विजय और संगीता के दो बच्चे हैं। बेटे का नाम जेसन और बेटी का नाम दिव्या है।

